कोलंबो: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 में खेले जा रहे मुकाबलों में बारिश लगातार खलल डाल रही है। 2 सितंबर को दोनों के बीच ग्रुप ए का खेला गया मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। उसके बाद दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें सुपर फोर राउंड में 10 सितंबर को कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले पर टिक गई थीं। लेकिन बारिश ने यहां भी पीछा नहीं छोड़ा और 24.1 ओवर के बाद मैच को बीच में ही रोक देना पड़ा। मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका तो इसे रिजर्व डे में खेला जाना सुनिश्चित हुआ।
अगर रिजर्व डे पर नहीं हुआ मैच तो बटेंगे अंक
11 सितंबर को ये मुकाबला भारतीय पारी के 24.1 ओवर से आगे खेला जाएगा। मैच 50-50 ओवर का पूरा होगा। हालांकि सोमवार को भी कोलंबो में भीषण बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में आसार हैं कि ये मैच पूरा नहीं हो सकेगा। अगर दोनों टीमों किस्मत अच्छी रही तो 20-20 ओवर का मैच पूरा कराया जा सकता है। अगर इतने ओवर भी नहीं खेले जा सके तो फिर दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटने को मजबूर होना पड़ेगा।
मैच रद्द होने के बाद ऐसे होंगे फाइनल के समीकरण
अंक बटने के बाद भारतीय टीम के खाते में एक अंक होगा जबकि पाकिस्तान के खाते में तीन और श्रीलंका के खाते में 2 अंक होंगे। पाकिस्तान 2 मैच में तीन अंक के साथ पहले पायदान पर काबिज हो जाएगा। भारतीय टीम एक मैच में एक अंक के साथ तीसरे पायदान पर और बांग्लादेश 2 मैच में 2 हार के साथ चौथे स्थान पर रहेगी। इसके बाज भारत-बांग्लादेश और भारत-श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले मैचों की अहमियत बढ़ जाएगी। अगर श्रीलंका की टीम भारत को हरा देती है तो वो फाइनल में पहुंच जाएगी। भारत की उसके खिलाफ जीत भी फाइनल में टीम इंडिया की जगह पक्की कर देगी। ऐसे में 12 सितंबर को खेले जाने वाले भारत-श्रीलंका के मुकाबला काफी अहम हो गया है। इस मुकाबले के बाद भारत-बांग्लादेश के बीच का मुकाबला महज औपचारिकता रह जाएगा।
