पावरप्ले में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में अर्शदीप सिंह ने की इस गेंदबाज की बराबरी
- Edited by: समीर कुमार ठाकुर
- Updated Dec 9, 2025, 11:49 PM IST
अर्शदीप सिंह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मुकाबले में दो विकेट लेकर सीरीज की धमाकेदार शुरुआत की। उन्होंने पहले ही ओवर में क्विंटन डिकॉक को चलता किया और टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई।
अर्शदीप सिंह (साभार-BCCI)
भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के पावरप्ले में विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली। भुवनेश्वर ने भारत की ओर से पावरप्ले में सर्वाधिक 47 विकेट चटकाए थे। कटक में भी अर्शदीप सिंह का जादू देखने को मिला। उन्होंने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने दो ओवरों में 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इस स्पेल के साथ ही वह भारत के सबसे भरोसेमंद पावरप्ले गेंदबाजों में से एक बन गए। उन्होंने क्विंटन डिकॉक और ट्रिस्टन स्टब्स को अपना शिकार बनाया। उनके पास इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है।
पावरप्ले में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय
47 - अर्शदीप सिंह
47 - भुवनेश्वर कुमार
33 - जसप्रीत बुमराह
21 - अक्षर पटेल
21 - वाशिंगटन सुंदर
इस शानदार प्रदर्शन पर अर्शदीप ने कहा कि उनकी प्लानिंग एकदम सिंपल रहती है। वह पिच से फायदा उठाने के बारे में सोचते हैं। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने भी अपना 100 टी20 विकेट पूरा किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्शदीप ने मजाकिया अंदाज में बुमरहा का 100 के क्लब में स्वागत किया।
उन्होंने आगे कहा कि वह वर्तमान का आनंद लेने और अनुशासित रहने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, मैं बस वर्तमान का आनंद लेने और मौज-मस्ती करने की कोशिश कर रहा हूं। ऐसा बहुत कम होता है कि आपको ऐसे पिच पर खेलने का मौका मिले जहां स्विंग और सीम हो। मैं बस अनुशासित रहना चाहता था।
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन का स्कोर खड़ा किया और साउथ अफ्रीका को 74 रन पर आउट कर 101 रन से जीत दर्ज कर ली। भारत अब पांच मैचों की टी20 सीरीज़ में 1-0 से आगे हो गया।