क्रिकेट

Arlene Kelly Retirement: डेब्यू के चार साल बाद ही आयरलैंड की क्रिकेटर ने लिया संन्यास

आयरलैंड की ऑलराउंडर अर्लीन केली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। अपनी सटीकता और विश्वसनीयता के लिए मशहूर मध्यम गति की स्विंग गेंदबाज केली ने आयरलैंड के लिए 135 विकेट झटके।

Image

अर्लीन केली (साभार-x)

साल 2022 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाली आयरलैंड की ऑलराउंडर अर्लीन केली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने वॉर्सेस्टर में इंग्लैंड टीम के खिलाफ चल रहे तीसरे वनडे के बाद इसकी घोषणा की। 32 वर्षीय इस खिलाड़ी ने जून 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। वह आयरलैंड के लिए ऑलफॉर्मेट में 110 मैच खेले चुकी थी। अपनी सटीकता और विश्वसनीयता के लिए मशहूर मध्यम गति की स्विंग गेंदबाज केली ने आयरलैंड के लिए 135 विकेट झटके। आयरलैंड की ओर से सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में वह तीसरे पोजीशन पर हैं। उनसे ज्यादा विकेट आयरलैंड के लिए इसोबेल जॉयस और लौरा डेलेनी ने झटके हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2023 में नीदरलैंड के खिलाफ आया था जब उन्होंने 12 रन देकर 5 विकेट झटके थे। साल 2026 केली के लिए शानदार साल रहा। इस साल उन्हें आयरलैंड क्रिकेट ने अंतर्राष्ट्रीय प्लेयर ऑफ द ईयर के लिए नॉमिनेट किया। इतना ही नहीं अगस्त 2023 में उन्हें आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार भी मिला।

गेंदबाजी के साथ-साथ केली ने बल्लेबाजी में भी अपना योगदान दिया। उन्होंने व्हाइट बॉल क्रिकेट में 601 रन बनाए। 2025 में उन्होंने आयरलैंड की कप्तानी भी की। उन्होंने गैबी लुईस और ओर्ला प्रेन्डरगास्ट की अनुपस्थिति में आयरलैंड का नेतृत्व किया। संन्यास की घोषणा के बाद केली ने कहा 'आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना एक सौभाग्य की बात है। उन्होंने अपने साथियों, कोचों और क्रिकेट आयरलैंड को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

पिछले साढ़े चार वर्षों में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए एक बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है और मुझे मैदान पर और मैदान के बाहर कई अद्भुत यादें बनाने का अवसर मिला। हालांकि, अब समय आ गया है कि मैं संन्यास लेकर न्यूजीलैंड वापस जाऊं और अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताऊं। केली के योगदान को याद करते हुए आयरलैंड की कप्तानी गैबी लुईस ने बताया 'पिछले चार वर्षों में अर्लीन हमारी टीम का एक बेहद खास हिस्सा बन गई हैं। "उन्होंने मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह हमें बहुत कुछ दिया है, और वह एक ऐसी शख्सियत रही हैं जिन पर हम हमेशा भरोसा कर सकते थे।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article