T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक हुई है। लगातार दो मुकाबला हार चुकी पाकिस्तान की टीम के सामने अब लीग स्टेज से ही बाहर जाने का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान को यूएसए के खिलाफ सुपर ओवर में हार मिली थी तो भारत के खिलाफ उसे 6 रन से मुकाबला गंवाया था। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर बल्लेबाज अहमद शहजाद ने उन पर निशाना साधा है।
पाकिस्तान के ARY न्यूज पर एक चर्चा के दौरान अहमद शहजाद ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की खूब आलोचना की। उन्होंने कहा 'आप खुद को वर्ल्ड का बेस्ट प्लेयर कहते हैं तो मुझे बताओ कि 14,00 रन आपके टीम के हारने पर आए हैं। आप किस तरह के किंग नंबर वन हैं जिसके 1400 रन हैं और वह रैंकिंग में तीसरे नंबर पर है। वह जब भी स्कोर करते हैं टीम हारती है। उन्होंने पाकिस्तान टीम के माइनर अचीवमेंट को सोशल मीडिया पर प्रचारित करने का भी आरोप लगाया।
आप युवा खिलाड़ी का इस्तेमाल करते हैं और उन्हें अपने ही लोगों से आलोचना करवाते हैं। सैम अयूब और आजम खान इसके उदाहरण हैं। आपने आजम खान को अकेला छोड़ दिया। कोई भी खिलाड़ी जो दो घरेलू मैच खेलकर घायल हो जाते हैं और बाहर हो जाते हैं। जब बात पीएसएल और पाकिस्तान क्रिकेट की होती है तो आप उसे टीम में शामिल कर लेते हैं। आप जिद्दी हैं और वक्त के साथ बदलना नहीं चाहते हैं।
अहमद शहजाद अकेले खिलाड़ी नहीं है जो पाकिस्तान क्रिकेट टीम और बाबर आजम की आलोचना कर रहे हैं। शोएब अख्तर ने भी टीम के खिलाड़ियों पर खुद के माइलस्टोन के लिए खेलने का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं वसीम अकरम ने भी पाकिस्तान खिलाड़ियों के गेम अवेयरनेस की आलोचना की थी और कहा था कि अब उनके प्रदर्शन से शर्मिंदगी होने लगी है।
