क्रिकेट

Afghanistan Squad: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट के लिए अफगानिस्तान टीम का ऐलान, राशिद को जगह नहीं

Afghanistan Squad: न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। मजे की बात यह है कि इस टीम में राशिद खान को जगह नहीं मिली है। राशिद ने पांच टेस्ट मैचों में 22.35 की औसत से 34 विकेट लिए हैं जिसमें चार बार उन्होंने पांच विकेट झटके हैं।

Image

अफगानिस्तान टीम (साभार-X)

Afghanistan Squad: हरफनमौला राशिद खान को अगले महीने ग्रेटर नोएडा में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए अफगानिस्तान की 20 सदस्यीय शुरूआती टीम में जगह नहीं दी गई। यह टेस्ट नौ से 13 सितंबर तक खेला जायेगा जिसके लिए राशिद का नहीं चुना जाना हैरानी भरा फैसला है क्योंकि वह इस प्रारूप में अफगानिस्तान के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। राशिद ने पांच टेस्ट मैचों में 22.35 की औसत से 34 विकेट लिए हैं जिसमें चार बार उन्होंने पांच विकेट झटके हैं।

राशिद ने अफगानिस्तान के लिए अपना आखिरी टेस्ट 2021 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अबुधाबी में खेला था जिसमें उन्होंने 11 विकेट चटकाये थे।

राशिद अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं और टेस्ट में उनके नाम एक अर्धशतक भी है। हशमतुल्लाह शाहिदी की अगुआई वाली टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज और करीम जनत को भी शामिल नहीं किया गया है।

इब्राहिम जदरान, रहमत शाह, गुलबदीन नईब और अजमतुल्लाह उमरजई इस शुरूआती टीम में मौजूद हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में एक सप्ताह तक चलने वाले तैयारी शिविर के अंत में अंतिम 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की जाएगी। शुरूआती टीम 28 अगस्त को भारत पहुंचेगी।

एसीबी ने अपनी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ट्रेनिंग शिविर के लिए 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया है और न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलने के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन उनके प्रदर्शन और फिटनेस को देखने के बाद किया जाएगा। ’’ एसीबी के अध्यक्ष मीरवाइज अशरफ ने कहा, ‘‘मुझे टीम में कुछ युवा खिलाड़ियों को देखकर खुशी हो रही है जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और उन्हें इस टेस्ट मैच के लिए टीम का हिस्सा बनने का मौका मिला है। ’’

अफगानिस्तान की शुरूआती टीम इस प्रकार है:

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इब्राहिम जदरान, रियाज हसन, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, बहीर शाह महबूब, इकराम अलीखेल (विकेटकीपर), शाहिदुल्लाह कमाल, गुलबदीन नईब, अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, जियाउर्रहमान अकबर, शम्सुर्रहमान, कैस अहमद, जहीर खान, निजात मसूद, फरीद अहमद मलिक, नवीद जदरान, खलील अहमद और यम अरब।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article