क्रिकेट

'वो काफी तेजी से मैच छीनते हैं..' आदिल राशिद ने बताई रोहित शर्मा की सबसे बड़ी खूबी

Adil Rashid on Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ खिलाड़ी रोहित शर्मा की विपक्षी टीम के खिलाड़ी भी जमकर सराहना करते हैं। इसी कड़ी में आदिल राशिद ने हिटमैन की सबसे बड़ी खूबी बताई है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- AP)

Adil Rashid on Rohit Sharma: टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपनी कप्तानी में भारत को दिलाने वाले रोहित शर्मा भले ही इस समय क्रिकेट से दूर हैं, लेकिन उनका प्रभाव विपक्षी टीमों और गेंदबाजों पर अब भी उतना ही गहरा है। इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद ने रोहित की तारीफ करते हुए कहा कि वह ऐसे बल्लेबाज हैं, जो बेहद तेजी से मैच का रुख बदल सकते हैं।

आदिल रशीद की खुली प्रशंसा

स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में आदिल रशीद ने कहा, "रोहित शर्मा मैच जिताने वाले स्कोर करते हैं। वह बड़े आराम से और तेजी से मैच अपनी टीम की तरफ मोड़ देते हैं। उनकी बल्लेबाजी देखते हुए ऐसा लगता है, जैसे उन्हें रन बनाने के लिए मेहनत नहीं करनी पड़ती है।"

रशीद का यह बयान इस बात की पुष्टि करता है कि रोहित का नाम अब भी विपक्षी टीमों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।

टी20 विश्व कप 2024 में यादगार पारियां

टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर 2 छक्के और 6 चौके की मदद से 57 रन बनाए थे। यह पारी टीम इंडिया को जीत दिलाने और फाइनल का टिकट दिलाने में अहम साबित हुई। रोहित का विकेट भले ही आदिल रशीद ने लिया था, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे।इससे ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 41 गेंदों पर 8 छक्के और 7 चौके लगाकर 92 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिससे उन्होंने अकेले दम पर मैच भारत की झोली में डाल दिया।

करियर में अनगिनत मैच जिताऊ पारियां

रोहित शर्मा के करियर में इस तरह की पारियों की कमी नहीं है। वनडे क्रिकेट में तीन दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज रोहित ने बार-बार साबित किया है कि वह बड़े मैचों में टीम को जीत की ओर ले जाने में माहिर हैं।

टेस्ट और टी20 से अलविदा, वनडे में सक्रिय

रोहित शर्मा, विराट कोहली की तरह ही टेस्ट और टी20 क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। अब वह केवल वनडे प्रारूप में भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित और विराट दोनों की फील्ड पर वापसी होगी, जिसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

भविष्य को लेकर अटकलें

ऐसा माना जा रहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली साउथ अफ्रीका में होने वाले 2027 वनडे विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। हालांकि, अभी इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास लेकर फैंस को चौंकाने वाले इन दोनों दिग्गजों के वनडे करियर पर भी फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है।

(IANS)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article