क्रिकेट

रोहित-सैमसन के अनचाहे रिकॉर्ड क्लब में शामिल हुए SRH के अभिषेक शर्मा

लखनऊ के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके साथ ही अभिषेक ने रोहित शर्मा और संजू सैमसन के अनचाहे क्लब में एंट्री कर ली। यह छठा मौका था जब अभिषेक इस साल बिना खाता खोले आउट हुए।

Image

अभिषेक शर्मा (साभार-X)

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती है, जिसकी झलक शुरुआती दो मैच में नजर भी आई, लेकिन चिंता की बात यह है कि ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी नहीं चल पा रही है। लखनऊ के खिलाफ तीसरे मुकाबले में तो अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल पाए। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें मोहम्मद शमी ने अपना निशाना बनाया। इसके साथ ही अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा और संजू सैमसन के अनचाहे क्लब में शामिल हो गए। यह इस साल छठा मौका है जब अभिषेक बिना खाता खोले आउट हुए।

अनचाहे क्लब में अभिषेक शर्मा

टी20 में 2026 में यह अभिषेक शर्मा का छठा शून्य था। इसके साथ ही उन्होंने रोहित (2018 में छह शून्य) और सैमसन (2024 में छह शून्य) के साथ टी20 में एक कैलेंडर ईयर में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा ज्वाइंट रुप से से सबसे अधिक शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड बना लिया। अभिषेक ने आईपीएल 2026 में अच्छी शुरुआत नहीं की है, उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 55 रन बनाए हैं, जिनमें से 48 रन उन्होंने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ बनाए थे।

विश्व के नंबर एक बल्लेबाज का टी20 विश्व कप प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। उन्होंने आठ पारियों में मात्र 141 रन बनाए, जिनका औसत 17.62 रहा और स्ट्राइक रेट 158 से अधिक था। उन्होंने दो अर्धशतक लगाए, जिनमें से एक फाइनल में आया था। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही वे लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हुए थे। 2026 में अभिषेक ने 16 टी20 पारियों में 25.20 की औसत से 378 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 195 से अधिक रहा है, जिसमें चार अर्धशतक और 84 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल है।

मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया। लखनऊ के सामने जीत के लिए 157 का लक्ष्य था, जिसे उसने ऋषभ पंत की 62 रन की पारी के दम पर 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। SRH ने आईपीएल 2026 के अपने अभियान की शुरुआत मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ पहले मैच में हार के साथ की और फिर कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article