क्रिकेट

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से जीती टी20 सीरीज, जानिए कौन बना प्लेयर ऑफ द सीरीज

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज 2-1 के अंतर से अपने नाम कर ली है। शनिवार को ब्रिस्बेन में खेले गए सीरीज का पांचवां टी20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। जानिए किस खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

Image

अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल

Photo : AP

ब्रिस्बेन: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का निराशाजनक अंत शनिवार को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर हुआ। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 4.5 ओवर में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत 52 रन बगैर किसी नुकसान के 52 रन बना लिए थे। अभिषेक शर्मा 13 गेंद में 23 रन और शुभमन गिल 16 गेंद में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके बाद मौसम खराब हो गया और बिजली गिरने की वजह से मैच को रोक दिया गया। इसके बाद बारिश शुरू हो गई और फिर खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका।

टीम इंडिया ने 2-1 से जीती सीरीज

मैच के आधिकारिक तौर पर रद्द होते ही तीन मैच की सीरीज टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम कर ली। सीरीज का आगाज कैनबरा में मैच रद्द होने के साथ हुआ था। इसके बाद मेलबर्न में टीम इंडिया को सीरीज के दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सीरीज के तीसरे और चौथे टी20 मुकाबले में जीत दर्ज करके टीम इंडिया ने सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली थी जो अंत में निर्णायक साबित हुई। ये भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथी द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीत है। इससे पहले भारत ने 2020/21 में ऑस्ट्रेलिया को तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से, 2022 में तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से, 2024/25 में पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से हराया था।

अभिषेक शर्मा चुने गए प्लेयर ऑफ द सीरीज

भारत के सलामी और दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। अभिषेक एशिया कप 2025 में भी प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए थे। लगातार दूसरी सीरीज में अभिषेक प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। अभिषेक ने सीरीज में 19, 68, 25, 28 और 23* रन की पारियां खेलीं। उन्होंने सीरीज में खेले 5 मैच की 5 पारी में एक बार नाबाद रहते हुए 40.75 के औसत और 161.38 के स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 163 रन बनाए। इसमें एक अर्धशतक शामिल रहा। 68 रन की ये पारी उनका सीरीज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रही।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article