क्रिकेट

IND vs ENG: इंग्लैंड दौरे पर कप्तान शुभमन गिल के सामने होगी ये बड़ी चुनौती, डी विलियर्स ने किया खुलासा

IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज की शुरुआत 20 जून से होने वाली है। इस श्रृंखला में भारतीय क्रिकेट टीम युवा खिलाड़ियों के साथ उतरने वाली है जिसकी कप्तानी शुभमन गिल करने वाले हैं।

Image

शुभमन गिल (फोोट- BCCI)

IND vs ENG: दक्षिण अफ्रीका के महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भारत के युवा क्रिकेटरों को लेकर बड़ी बात कही है। उनका मानना है कि भारतीय टीम के नए खिलाड़ियों में इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में कुछ खास कर दिखाने की क्षमता है, बशर्ते वे खुद पर भरोसा रखें। डिविलियर्स ने कहा कि अब समय आ गया है जब नई पीढ़ी को आगे आकर जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।

युवा टीम के सामने बड़ी चुनौती

25 वर्षीय शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी, जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नए चक्र का हिस्सा होगी। इस दौरे पर भारत को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी खलेगी, जिन्होंने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इसके अलावा, ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी टीम में नहीं होंगे, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।

"युवाओं को आगे आना होगा"

डिविलियर्स ने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "हां, अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ी आगे आएं। शुभमन गिल को जिम्मेदारी लेनी होगी। भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और आईपीएल ने युवाओं को कम उम्र में ही बड़े मंच पर प्रदर्शन का मौका दिया है। यह भारतीय क्रिकेट के लिए बेहतरीन मंच है।"

उन्होंने आगे कहा कि इंग्लैंड का दौरा भारतीय युवाओं के लिए एक कड़ी परीक्षा होगी, लेकिन अगर वे आत्मविश्वास के साथ खेलेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी। "उन्हें इंग्लैंड में जिम्मेदारी लेनी होगी। यहां उनकी कड़ी परीक्षा होगी, लेकिन भारत के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। अगर वे खुद पर भरोसा रखें, तो कुछ खास कर सकते हैं।"

"विराट कोहली ने छोड़ी महान विरासत"

विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर डिविलियर्स ने कहा, "उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनी। उन्होंने पिछले कुछ सालों में दुनिया भर में क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है। सौभाग्य से, हम उन्हें अभी भी अन्य प्रारूपों में देखेंगे। टेस्ट क्रिकेट में उनकी कमी खलेगी, लेकिन वे एक महान विरासत छोड़ गए हैं।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article