स्पोर्ट्स

Australian Open 2024: रोहन बोपन्ना ने रचा इतिहास, 43 साल की उम्र में जीता ऑस्ट्रेलियन ओपन का पुरुष युगल खिताब

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 27, 2024, 07:24 PM IST

Rohan Bopanna, Oldest Grand Slam Winner: भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने मैथ्यू एब्डेन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 का पुरुष युगल खिताब अपने नाम कर लिया। 43 वर्षीय बोपन्ना ओपन इरा में ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एब्डेन ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल खिताब के साथ

Photo : AP

मेलबर्न: भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का पुरुष युगल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। 43 वर्षीय बोपन्ना ने ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एब्डेन के साथ मिलकर इटली के सिमोन बोलेल्ली और एंड्रिया वावसोरी की जोड़ी को 7-6, 7-5 के अंतर से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। 43 वर्षीय बोपन्ना टेनिस ओपन इरा में ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं।

बोपन्ना के टेनिस करियर का यह पहला डबल्स और दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब है जो उन्होंने 43 साल की उम्र में जीता। उन्होंने जीन जूलियन रोजर का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2022 में मार्सेलो अरेवोला के साथ मिलकर फ्रेंच ओपन पुरुष युगल ट्राफी जीती थी। हाल ही में वो 43 साल की उम्र में डबल्स में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी भी बने। अपनी इस उपलब्धि में बोपन्ना ने खिताबी जीत के साथ चार चांद लगा दिए हैं।

2017 में जीता था फ्रेंच ओपन का मिक्सड डबल्स खिताब

बोपन्ना का पुरुष युगल में पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है। वो साल 2010 और 2023 में डबल्स के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन खिताब अपने नाम नहीं कर सके। इससे पहले साल 2017 में कनाडा की गैब्रिएला डबरोस्की के साथ मिलकर फ्रेंच ओपन का मिक्स्ड डबल्स खिताब अपने नाम किया था। 7 साल बाद बोपन्ना ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने में सफल हुए हैं। साल 2018 में बोपन्ना ऑस्ट्रेलियन ओपन के मिकस्ड डबल्स के फाइनल में साल 2018 और 2023 में पहुंचे थे। लेकिन खिताब जीतने से चूक गए थे।

एबडेन के करियर का है ये दूसरा ग्रैंडस्लैम

36 वर्षीय एबडेन के करियर का भी यह दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। साल 2022 में मैक्स परसेल के साथ उन्होंने विंबलडन का पुरुष युगल खिताब अपने नाम किया था। एबडेन ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष युगल खिताब जीतने वाले 28वें ऑस्ट्रेलियाई हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article