स्पोर्ट्स

US Open 2024 Final: आर्यना सबालेंका ने इस खिलाड़ी को पटखनी देकर जीता यूएस ओपन का खिताब

US Open 2024 Final: आर्यना सबालेंका ने शानदार प्रदर्शन कर यूएस ओपन के खिताब पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में आर्यना सबालेंका का सामना जेसिका पेगुला से हुआ। इस दौरान आर्यना ने जेसिका को लगातार सेट में मात दी। आर्यना का यह यूएस ओपन का पहला और ओवरऑल तीसरा ग्रैंड स्लैम टाइटल है।

Image

आर्यना सबालेंका ने जीता खिताब। (फोटो- US Open Tennis X)

Photo : Twitter

US Open 2024 Final: आर्यना सबालेंका ने अमेरिका की जेसिका पेगुला को सीधे सेटों में हरा कर अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब जीता। दूसरी वरीयता प्राप्त सबालेंका में आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए फाइनल में छठी वरीयता प्राप्त पेगुला को 7-5, 7-5 से हराकर अमेरिकी ओपन में पहला और कुल मिलाकर तीसरा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट जीता। सबालेंका पिछले साल यहां फाइनल में हार गई थी जबकि इससे पहले वह दो बार सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई थी।

बेलारूस की 26 वर्षीय सबालेंका ने पहले सेट के आखिरी दो गेम और मैच के आखिरी चार गेम जीतने के बाद कहा,‘पिछले साल मैंने यहां कड़ा सबक सीखा था। फाइनल के मुश्किल पलों में मैं मजबूत बने रहने की कोशिश कर रही थी। मैं खुद को यह याद दिलाने की कोशिश कर रही थी कि मैंने बहुत कुछ झेल लिया है और मैं इस दबाव को झेलने के लिए काफी मजबूत हूं।’ सबालेंका ने उन चुनौतियों का जिक्र भी किया जिनका सामना उन्हें पिछले कुछ वर्षों में करना पड़ा था। उनके पिता का 2019 में निधन हो गया था जबकि इस साल मार्च में उनके एक पूर्व प्रेमी की मृत्यु हो गई थी। दाहिने कंधे की समस्या के कारण उन्हें इस जुलाई में विंबलडन से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘अपने पिता को खोने के बाद टेनिस के इतिहास में अपने परिवार का नाम दर्ज कराना हमेशा मेरा लक्ष्य रहा।’ सबालेंका ने कहा,‘जब भी मैं ट्रॉफी पर अपना नाम देखती हूं तो मुझे खुद पर बहुत गर्व होता है। मुझे अपने परिवार पर गर्व होता है जिन्होंने मुझे आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया था। ’ सबालेंका पिछले साल फाइनल में कोको गॉफ से हार गई थी। तब उन्हें दर्शकों का समर्थन नहीं मिला था। गॉफ की तरह पेगुला भी अमेरिकी खिलाड़ी है, लेकिन दर्शक इस बार सबालेंका के प्रति कहीं अधिक उदार थे।

पेगुला पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में खेल रही थी। वह शुरुआती बढ़त का फायदा नहीं उठा पाई तथा सबालेंका लगातार पांच गेम जीतकर पहला सेट जीतने के साथ ही दूसरे सेट में 3-0 की बढ़त बनाई। अमेरिकी खिलाड़ी ने इसके बाद वापसी की अच्छी कोशिश की लेकिन वह सबालेंका को चैंपियन बनने से नहीं रोक पाई। पेगुला ने कहा,‘उसने महत्वपूर्ण मौकों पर अच्छा प्रदर्शन किया। मुझे खुशी है कि मैंने अच्छी वापसी करके खुद को मौका दिया था लेकिन आखिर में यह पर्याप्त साबित नहीं हुआ।’

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article