अध्यात्म

Shitala Satam Vrat Katha: शीतला सातम व्रत कथा, हर गर्भवती माता को सुननी चाहिए बूढ़ी सास और बहुओं की कहानी

Shitala Satam Vrat Katha (शीतला सातम व्रत कथा): शीतला सातम एक पारंपरिक हिन्दू त्योहार है, जो मुख्य रूप से गुजरात, राजस्थान, और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मनाया जाता है। यह त्योहार शीतला माता को समर्पित होता है। यहां से आप शीतला सातम की व्रत कथा पढ़ सकते हैं।

Image

शीतला सातम व्रत कथा (photo source: canva)

Shitala Satam Vrat Katha (शीतला सातम व्रत कथा): शीतला सातम भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि को मनाई जाती है। ये आमतौर पर रक्षाबंधन के बाद आता है। ये त्योहार श्रावण पूर्णिमा के बाद आने वाली सप्तमी को पड़ता है। इस दिन लोग एक दिन पहले बना हुआ ठंडा खाना (बैसाणु/बासी भोजन) खाते हैं, क्योंकि माना जाता है कि अग्नि का प्रयोग वर्जित है। कई जगहों पर नीम के पत्तों से पूजा की जाती है। महिलाएं व्रत भी रखती हैं और अपने परिवार की सुख-शांति और स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करती हैं। शीतला सातम का व्रत बिना कथा के पूरा नहीं माना जाता है। यहां पढ़ें शीतला सातम की व्रत कथा।

शीतला सातम व्रत कथा हिंदी में (Sheetala Saptami Vrat Katha In Hindi) -

बहुत समय पहले की बात है, एक बूढ़ी औरत और उसकी दो बहुओं ने शीतला माता का व्रत रखा था। लेकिन दोनों बहुओं ने सुबह उठकर ताज़ा खाना बना लिया और जब इस बारे में सास को पता चला, तो वह अपनी बहुओं पर बहुत गुस्सा हुई, क्योंकि इस दिन बासी भोग चढ़ाने और खाने की परंपरा है।

इसके कुछ ही समय बाद, अचानक से दोनों बहुओं की संतानों की मृत्यु हो गई। ऐसा देखकर, सास ने गुस्से में अपनी दोनों बहुओं को घर से बाहर निकाल दिया और बोला जब यह दोनों बच्चे जीवित हो जाएं, तब ही तुम दोनों घर वापिस आना।

अपने बच्चों के शवों को लेकर दोनों बहुएं घर से निकल गईं और बीच रास्ते विश्राम के लिए रुकीं, जहां उन्हें दो बहनें ओरी और शीतला मिलीं। वह दोनों ही अपने सिर में जुओं से बहुत परेशान थीं। उनकी ऐसी दशा देखकर उन दोनों बहुओं को बहुत दया आई और वह शीतला और ओरी नामक बहनों के सिर को साफ़ करने लगीं, जिसकी वजह से उन दोनों को बहुत आराम मिला।

शीतला और ओरी की मदद करने पर दोनों बहनों ने बहुओं आशीर्वाद देते हुए कहा, कि “तुम्हारी गोद हरी हो जाए।” यह सुनकर दोनों बहुएं अपने बच्चों के शव को देखकर रोने लगीं। तब शीतला माता ने उन्हें बताया, कि उन्हें उनके कर्मों का फल मिला है और अंत में उन दोनों बहुओ को शीतला अष्टमी के दिन ताज़ा खाना बनाने की गलती समझ में आई और उन्होंने माता से माफी मांगी।

साथ ही उन्होंने यह भी वचन दिया, कि वह आगे से ऐसा कभी नहीं करेंगी। यह सुनकर माता शीतला ने दोनों बच्चों को पुनः जीवित कर दिया और इसी के बाद से, पूरे गांव में शीतला माता का व्रत और उत्सव मनाया जाने लगा।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article