Ank Jyotish Shastra: कुछ लोगों की खामोशी में एक अद्भुत ताकत होती है, जिसे हर कोई समझ नहीं पाता है। उनकी शांत प्रवृत्ति और गहरी सोच ही उन्हें भीड़ से अलग पहचान दिलाती है। उनकी ये ही खूबियां उन्हें करियर में ऊंचा मुकाम हासिल करने और समाज में सम्मान दिलाने में मदद करती हैं। हालांकि, अंक ज्योतिष शास्त्र की मदद से ऐसे लोगों की पहचान भी की जा सकती है।
आज पंडित एवं ज्योतिष विशेषज्ञ मयंक शर्मा आपको ऐसे मूलांक वालों के स्वभाव, व्यक्तित्व और लकी करियर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी चुप्पी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत होती है।
बिना ज्यादा बोले भी कमाल कर जाते हैं ये लोग
जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 3, 12, 21 या 30 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 3 और स्वामी ग्रह देवगुरु बृहस्पति (गुरु ग्रह) है। अंक ज्योतिष की मानें तो मूलांक 3 के लोग बेवजह बोलना पसंद नहीं करते हैं, लेकिन जितना भी बोलते हैं, उससे सामने वाले व्यक्ति को प्रभावित कर देते हैं। इन लोगों के अंदर बोलने की कला होती है, जिसका लाभ भी इन्हें जीवन के कई मोड़ पर मिलता है।मूलांक 3 वालों का स्वभाव कैसा होता है?
बता दें कि मूलांक 3 के लोग काफी भाग्यशाली होते हैं। इनके ऊपर गुरु ग्रह की विशेष कृपा रहती है। इन लोगों का दिमाग काफी तेज होता है। ये जल्दी से लोगों के बीच घुलते मिलते नहीं हैं, बल्कि अपने काम से काम रखते हैं। ये किसी को भी अपना शत्रु नहीं मानते हैं। ये सभी से एक जैसा व्यवहार करते हैं और किसी के साथ भेदभाव नहीं करते हैं।
मूलांक 3 वालों के लिए सबसे अच्छे करियर ऑप्शन
जिन लोगों का मूलांक 3 है, वो शिक्षा या कला से जुड़े क्षेत्रों में काम कर सकते हैं। इन लोगों के टीचर, प्रिंसिपल, लेक्चरर, गायक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, धर्म गुरु, ज्योतिष विशेषज्ञ, टैरो कार्ड रीडर और पत्रकार बनने की संभावना ज्यादा होती है। इन क्षेत्रों में न सिर्फ ये पैसा कमाते हैं, बल्कि समाज में नाम कमाने में भी सफल होते हैं। हालांकि, उम्र 25 से पहले इनके सफल होने की संभावना काफी कम होती है। इस उम्र तक इन्हें संघर्ष करना ही पड़ता है।
मूलांक 3 वालों के लकी दिन
जिन लोगों का मूलांक 3 है, उनके लिए मंगलवार, शुक्रवार और गुरुवार के दिन शुभ हैं। इन दिनों वो अपने जरूरी काम या जीवन से जुड़ा कोई भी बड़ा फैसला ले सकते हैं।
मूलांक 3 वालों के लकी अंक
3, 12, 21 और 30 तारीख पर जन्मे लोगों के लिए अंक 1, 6 और 9 शुभ रहते हैं। वहीं, अंक 4 और 8 के साथ मूलांक 3 वालों का शत्रुता का भाव रहता है।
मूलांक 3 वालों के लिए सावधानियां
मूलांक 3 वालों को अपनी भावनाओं को व्यक्त करते रहना चाहिए। कभी-कभी अपनी बातें शेयर न करने के कारण इनका मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो जाता है। कई बार दूसरों से आगे बढ़ने के चक्कर में ये जल्दबाजी में बिना सोचे-समझे निर्णय ले लेते हैं व दूसरों के बहकावे में आ जाते हैं, जिससे सबसे ज्यादा इन्हें ही नुकसान होता है।
