अध्यात्म

नववर्ष के पहले दिन अपनी बर्थडेट के अनुसार करें इन मंदिरों के दर्शन, पूरा साल 2026 रहेगा शानदार

New Year Numerology Remedies: हर कोई चाहता है कि नया साल उसके लिए काफी अच्छा रहे। पूरे साल को अच्छा बनाने के लिए आप साल के पहले दिन अपनी जन्मतिथि के अनुसार कुछ मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं। इन मंदिरों के दर्शन करने से आपके लिए पूरा साल अच्छा रहेगा। आइए जानते हैं कि आपको किस मंदिर में दर्शन से लाभ होगा।

Image

नववर्ष 2026

New Year Numerology Remedies: नया साल शुरू होते ही हर कोई चाहता है कि आने वाला वर्ष सुख, शांति, समृद्धि और सफलता लेकर आए। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार नववर्ष का पहला दिन यानी 1 जनवरी बहुत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इस दिन जो ऊर्जा आप अपने भीतर ग्रहण करते हैं, वही पूरे साल आपके जीवन को प्रभावित करती है। इस कारण प्राचीन परंपरा है कि अपनी जन्मतिथि के अनुसार इष्ट देव या कुलदेवता के मंदिर में दर्शन-पूजन करने से साल भर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और हर क्षेत्र में शुभ फल मिलते हैं। आइए जानते हैं कि आप किस मंदिर में दर्शन करने जा सकते हैं।

मूलांक 1 (महीने की 1, 10, 19, 28 तारीख को जन्मे लोग)

इस मूलांक स्वामी सूर्य है। आपके इष्ट देव भगवान सूर्य, श्रीराम या हनुमान जी हैं। 1 जनवरी को लाल या केसरिया वस्त्र पहनकर कोणार्क सूर्य मंदिर, अयोध्या राम मंदिर, हनुमानगढ़ी या जाखू हनुमान मंदिर (शिमला) के दर्शन करें। भगवान को गुड़-चना या लाल फूल-लाल चंदन चढ़ाएं। घर पर भी सूर्य को जल अर्पित कर ‘ॐ घृणिः सूर्याय नमः’ का 11 बार जाप करें। इससे नेतृत्व क्षमता बढ़ेगी और साल भर आत्मविश्वास बना रहेगा।

मूलांक 2 (महीने की 2, 11, 20, 29 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी चंद्रमा है। आपके इष्ट मां दुर्गा, शिव-पार्वती या श्रीकृष्ण हैं। सफेद या हल्का गुलाबी वस्त्र पहनकर वैष्णो देवी, ज्वालामुखी, बांके बिहारी वृंदावन या द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन करें। दूध-चावल की खीर या सफेद फूल चढ़ाएं। इससे मानसिक शांति मिलेगी और रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी।

मूलांक 3 (महीने की 3, 12, 21, 30 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी गुरु (बृहस्पति) है। आपके इष्ट विष्णु जी, मां सरस्वती या गणेश जी हैं। पीले वस्त्र पहनकर तिरुपति बालाजी, सिद्धिविनायक मुंबई, रंजनगांव गणेश मंदिर या बद्रीनाथ के दर्शन करें। बेसन के लड्डू, केला या हल्दी-चने की दाल चढ़ाएं। इससे ज्ञान, धन और करियर में उन्नति होगी।

मूलांक 4 (महीने की 4, 13, 22, 31 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी राहु है। आपके इष्ट भैरव बाबा, मां काली या गणेश जी हैं। काले या नीले वस्त्र पहनकर उज्जैन महाकाल, काल भैरव मंदिर वाराणसी, कालीघाट या दक्षिणेश्वर के दर्शन करें। उड़द की दाल, नीला फूल या नारियल चढ़ाएं। इससे अचानक आने वाली बाधाएं दूर होंगी और स्थिरता आएगी।

मूलांक 5 (महीने की 5, 14, 23 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी बुध है। आपके इष्ट गणेश जी, श्रीकृष्ण या मां सरस्वती हैं। हरे वस्त्र पहनकर सिद्धिविनायक मुंबई, गणपतिपुले, इस्कॉन मंदिर या श्रृंगेरी शारदा मंदिर के दर्शन करें। मोदक, मिश्री-धनिया या हरी मूंग चढ़ाएं। इससे बुद्धि तेज होगी और व्यापार में लाभ मिलेगा।

मूलांक 6 (महीने की 6, 15, 24 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी शुक्र है। आपके इष्ट मां लक्ष्मी, राधा-कृष्ण या श्रीकृष्ण हैं। सफेद या गुलाबी वस्त्र पहनकर महालक्ष्मी मंदिर कोल्हापुर, बांके बिहारी वृंदावन या बिरला मंदिर के दर्शन करें। मिठाई, कमलगट्टे की माला या इत्र चढ़ाएं। इससे वैभव और प्रेम-संबंधों में मधुरता आएगी।

मूलांक 7 (महीने की 7, 16, 25 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी केतु है। आपके इष्ट मां काली, भैरव या शिव जी हैं। काला या बैंगनी वस्त्र पहनकर तारापीठ, पावागढ़ कालिका, केदारनाथ या काशी विश्वनाथ के दर्शन करें। नींबू की माला, नारियल या काले तिल चढ़ाएं। इससे आध्यात्मिक उन्नति और छिपी बाधाएं दूर होंगी।

मूलांक 8 (महीने की 8, 17, 26 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी शनि है। आपके इष्ट शनिदेव, भैरव या मां काली हैं। काले वस्त्र पहनकर शिंगणापुर शनि, कोकिलावन शनि या उज्जैन काल भैरव के दर्शन करें। सरसों का तेल, काले तिल या उड़द चढ़ाएं। इससे कर्ज और पुरानी बाधाएं दूर होंगी।

मूलांक 9 (महीने की 9, 18, 27 तारीख को जन्मे लोग)

इनका स्वामी मंगल है। आपके इष्ट हनुमान जी, मंगलदेव या मां दुर्गा हैं। लाल वस्त्र पहनकर मेहंदीपुर बालाजी, सालासर हनुमान या वैष्णो देवी के दर्शन करें। लाल चंदन, सिंदूर, चोला या लाल फूल चढ़ाएं। इससे पराक्रम बढ़ेगा और शत्रु बाधाएं दूर होंगी।

अगर दूर का मंदिर न जा सकें तो घर पर यह उपाय जरूर करें

1 जनवरी को सुबह स्नान कर अपने मूलांक के अनुसार रंग के वस्त्र पहनें। इष्ट देव की फोटो सामने रखें, घी का दीपक जलाएं, 11 या 21 बार उनके किसी मंत्र का जाप करें। इसके साथ ही उनको प्रसाद चढ़ाकर गरीबों में बांटें। इससे भी पूरा साल शुभ और सुखमय रहेगा।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी अंकज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारी author

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ... और देखें

End of Article