Maghi/Magh Purnima 2024 Date And Time (माघ पूर्णिमा 2024): इस साल माघी पूर्णिमा 24 फरवरी को पड़ रही है। इस पूर्णिमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। इस दिन स्नान, दान और जप करना बेहद फलदायी होता है। ये पूर्णिमा माघ स्नान का मुख्य दिन होती है। तीर्थराज प्रयाग में कल्पवास करके त्रिवेणी स्नान करने का अंतिम दिन माघ पूर्णिमा ही मानी जाती है। मान्यता है इस पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान करने से भगवान विष्णु की असीम कृपा प्राप्त होती है। जानिए माघ पूर्णिमा की तारीख, मुहूर्त और महत्व।
माघ पूर्णिमा 2024 तिथि व मुहूर्त (Magh Purnima 2024 Date And Time)
माघ पूर्णिमा तिथि 23 फरवरी 2024 की दोपहर 3 बजकर 36 मिनट से शुरू होगी और इसकी समाप्ति 24 फरवरी 2024 की शाम 6 बजकर 3 मिनट पर होगी। पंचांग अनुसार माघ पूर्णिमा 24 फरवरी को मनाई जाएगी।
माघ पूर्णिमा का महत्व (Magh Purnima Ka Mahatva)
हिंदू धार्मिक मान्यताओं अनुसार माघ माह में देवता पृथ्वी पर आते हैं और मनुष्य रूप धारण करके तीर्थराज प्रयाग में स्नान, दान और जप करते हैं। इसलिए ही माघ महीने में प्रयाग में कई श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं। वहीं माघ महीने में स्नान करने की प्रमुख तिथियों में माघ पूर्णिमा भी शामिल है। कहते हैं इस दिन गंगा में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
माघ मेला और कल्पवास (Magh Mela And Kalpvas)
तीर्थराज प्रयाग में हर साल माघ महीने में माघ मेला का आयोजन होता है जिसे कल्पवास कहा जाता है। इस मेले में देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होने आते हैं। प्रयाग में कल्पवास की ये परंपरा सदियों से चली आ रही है और कल्पवास का समापन माघ पूर्णिमा के स्नान के साथ ही होता है।
