Chandra Gochar Kumbh Rashi 2026: ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा को मन, भावनाओं और मानसिक स्थिति का कारक माना जाता है। चंद्रमा का गोचर बहुत तेज होता है और यह लगभग ढाई दिन में एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं। इसलिए चंद्रमा का राशि परिवर्तन लोगों के मन, सोच और रोजमर्रा के जीवन पर सीधा असर डालता है। ज्योतिष गणना के अनुसार 16 मार्च 2026 की शाम 6 बजकर 13 मिनट पर चंद्रमा ने कुंभ राशि में प्रवेश कर लिया है। कुंभ राशि में पहले से राहु और बुध मौजूद हैं।
ऐसे में इन तीनों ग्रहों का संयोग बन गया है। राहु को भ्रम, अचानक बदलाव और मानसिक तनाव से जोड़ा जाता है, जबकि बुध बुद्धि, संवाद और सोच का कारक ग्रह माना जाता है। ऐसे में चंद्रमा का राहु के साथ आना कुछ राशियों के लिए मानसिक अस्थिरता, उलझन या छोटी-छोटी परेशानियां बढ़ा सकता है। चंद्रमा और राहु की युति से ग्रहण योग बन जाता है। आइए जानते हैं किन राशियों के लिए यह गोचर चुनौतीपूर्ण रह सकता है और इससे राहत पाने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।
मेष राशि
मेष राशि के लोगों के लिए यह गोचर सामाजिक और मानसिक स्तर पर थोड़ा दबाव बना सकता है। दोस्तों या सहकर्मियों के साथ किसी बात को लेकर गलतफहमी हो सकती है। कई बार आपको ऐसा लग सकता है कि आपकी बात को ठीक से समझा नहीं जा रहा है। कामकाज के क्षेत्र में भी किसी योजना को लेकर असमंजस की स्थिति बन सकती है। इसलिए इस समय जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचना बेहतर रहेगा। अपने विचारों को शांत और स्पष्ट तरीके से रखने की कोशिश करें।
उपाय: भगवान शिव को जल चढ़ाएं और 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का 108 बार जप करें। इससे मानसिक शांति मिल सकती है।
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए यह गोचर काम और करियर से जुड़ी जिम्मेदारियां बढ़ा सकता है। ऑफिस या प्रोफेशनल लाइफ में अचानक कोई नया काम मिल सकता है, जिससे थोड़ी भागदौड़ बढ़ सकती है। सीनियर या अधिकारियों के साथ बातचीत करते समय सावधानी रखना जरूरी रहेगा। छोटी-सी बात भी विवाद का कारण बन सकती है, इसलिए धैर्य से काम लेना बेहतर रहेगा। इस समय अपने काम पर पूरा ध्यान देना और अनावश्यक बातों से दूर रहना आपके लिए अच्छा रहेगा।
उपाय: जरूरतमंद लोगों को सफेद चावल या दूध का दान करें। इससे चंद्रमा से जुड़ी परेशानियां कम हो सकती हैं।
कर्क राशि
कर्क राशि के लोगों के लिए यह गोचर मानसिक बेचैनी बढ़ा सकता है। कुछ लोग भविष्य या पैसों से जुड़ी बातों को लेकर ज्यादा सोच सकते हैं। अचानक खर्च बढ़ने की संभावना भी बन सकती है। इस दौरान किसी नई योजना या निवेश को लेकर जल्दबाजी न करें। पहले पूरी जानकारी लेना और सोच-समझकर फैसला लेना बेहतर रहेगा। ध्यान रखें कि छोटी-छोटी बातों को लेकर ज्यादा चिंता करने से मन और ज्यादा परेशान हो सकता है।
उपाय: रात में चंद्रमा को जल अर्पित करें और 'ॐ चंद्राय नमः' मंत्र का जप करें।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लोगों के लिए यह गोचर फैमिली लाइफ में थोड़ी सावधानी रखने का संकेत दे रहा है। घर के किसी सदस्य के साथ विचारों का मतभेद हो सकता है। छोटी बात भी बड़ी बन सकती है, इसलिए अपनी बात सोच-समझकर रखें। इसके अलावा घर से जुड़े किसी काम में अचानक बदलाव या देरी भी हो सकती है। ऐसे समय में गुस्से की जगह धैर्य से काम लेना ज्यादा अच्छा रहेगा। अगर आप शांत रहकर परिस्थिति को संभालेंगे, तो कई समस्याएं खुद ही खत्म हो सकती हैं।
उपाय: शिवलिंग पर दूध और जल चढ़ाएं और बेलपत्र अर्पित करें।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए यह गोचर आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने का संकेत दे रहा है। इस दौरान अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं या किसी निवेश को लेकर उलझन हो सकती है। इस समय पैसों से जुड़े फैसले जल्दबाजी में लेने से बचें। अगर कोई बड़ा आर्थिक निर्णय लेना हो, तो पहले अच्छे से सोच लें। साथ ही कामकाज में भी ध्यान भटक सकता है, इसलिए अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट रखना जरूरी रहेगा।
उपाय: सफेद मिठाई का दान करें और भगवान शिव की पूजा करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
जानिए क्या मृत व्यक्ति के कपड़े पहनने चाहिए। पढ़ें हिंदी में अध्यात्म से जुड़ी सभी छोटी बड़ी न्यूज़ और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहें टाइम्स नाउ नवभारत से|
