Samudrik Shastra: प्रत्येक व्यक्ति के हाथ की उंगलियों की लंबाई, चौड़ाई और बनावट अलग होती है, जो उसके व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ बताती है। ये बात हम नहीं, बल्कि सामुद्रिक शास्त्र कहता है। सामुद्रिक शास्त्र एक प्राचीन विज्ञान है, जिससे व्यक्ति के शरीर के विभिन्न अंगों की बनावट के आधार पर उसके स्वभाव, भाग्य और भविष्य में होने वाली संभावित घटनाओं के बारे में पता चलता है। इसमें हाथ की बनावट के साथ-साथ उंगलियों से मिलने वाले विभिन्न संकेतों का भी वर्णन है।
आइए प्रसिद्ध ज्योतिषी, अंकशास्त्री, हस्तरेखा विशेषज्ञ और वास्तु विशेषज्ञ डॉ. जय मदान से जानते हैं कि हाथ की कौन-सी उंगली का लंबा-छोटा होना सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार शुभ है। साथ ही इससे मिलने वाले संकेतों के बारे में आप यहां पर जान पाएंगे।
इस उंगली का लंबा होना है शुभ
अंगूठे के ठीक पास वाली पहली उंगली को इंडेक्स फिंगर कहा जाता है, जिसका लंबा होना शुभ होता है। ऐसे लोग दिखने में काफी खूबसूरत होते हैं। हालांकि, इन्हें गुस्सा बहुत जल्दी आता है। ये खुलकर अपनी बातों को रखते हैं और उनसे कभी समझौता नहीं करते हैं। इन्हें रिस्क लेना पसंद होता है।
इंडेक्स फिंगर का छोटा होना कैसा होता है?
जिन लोगों की इंडेक्स फिंगर रिंग फिंगर से छोटी होती है, उनका नेचर खुशमिजाज होता है। ऐसे लोगों के साइंटिस्ट, सोल्जर या इंजीनियर बनने की संभावना ज्यादा होती है। इन लोगों के अंदर पैसा कमाने का जुनून होता है, जिसके लिए ये मेहनत भी करते हैं। इसके अलावा इन लोगों के लंबे समय तक किसी भी परेशानी में फंसने की संभावना काफी कम होती है क्योंकि ये बहुत ही जल्दी प्रॉब्लम्स का सॉल्यूशन ढूंढ लेते हैं।
छोटी उंगली से मिलने वाले अहम संकेत
जिन लोगों के हाथ की सबसे छोटी उंगली रिंग फिंगर से काफी ज्यादा छोटी होती है, वो परेशानियों से घबराते नहीं हैं। ऐसे लोगों को खुद पर काफी विश्वास होता है। ये अपने काम व हर योजना को गुप्त रखना ज्यादा पसंद करते हैं। हालांकि, लोगों का ध्यान अपनी ओर अट्रैक्ट करना इनको अच्छा लगता है, लेकिन ये खुद से किसी भी रिश्ते की शुरुआत करने से बचते हैं यानी ये पहले इनिशिएटिव नहीं लेते हैं।
वहीं, जिन लोगों की इंडेक्स फिंगर मध्यमा उंगली के बराबर या उससे ज्यादा बड़ी होती है, उन्हें दिल और स्किन से जुड़े रोग जल्दी होते हैं।
इंडेक्स और रिंग फिंगर का बराबर होना कैसा होता है?
जिन लोगों की इंडेक्स फिंगर रिंग फिंगर के बराबर होती है, उनका स्वभाव शांत होता है। ऐसे लोग शांति से अपना जीवन जीना पसंद करते हैं। ये बहुत ही जल्दी नए लोगों के बीच घुल मिल जाते हैं। ये हर रिश्ते को ईमानदारी से निभाते हैं और लड़ाई-झगड़े से दूर रहते हैं। ऐसे लोग अपने पार्टनर के प्रति काफी ज्यादा वफादार होते हैं और अच्छी तरह से उनका ख्याल रखते हैं।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी सामुद्रिक शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
