Haldi Wale Pani Se Snan Ke Fayde : सनातन धर्म में हल्दी को सिर्फ एक मसाला नहीं, बल्कि बेहद पवित्र और शुभ पदार्थ माना गया है। पूजा-पाठ से लेकर शादी-विवाह और आयुर्वेद तक, हल्दी का विशेष महत्व बताया गया है। यही वजह है कि ज्योतिष और धार्मिक ग्रंथों में नहाने के पानी में हल्दी डालकर स्नान करने का उपाय भी बताया गया है। मान्यता है कि हल्दी वाला स्नान करने से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है, ग्रह दोष शांत होते हैं और सौभाग्य में वृद्धि होती है।
हल्दी को देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु से जुड़ा माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र, आयुर्वेद और कई धार्मिक परंपराओं में हल्दी का प्रयोग शुद्धि और सौभाग्य के लिए किया जाता है। इसके साथ ही देवगुरु बृहस्पति ग्रह को मजबूत करने के लिए पीली वस्तुओं का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। इसी कारण गुरुवार के दिन हल्दी वाला स्नान करना शुभ माना गया है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, विवाह से पहले होने वाली हल्दी की रस्म भी शरीर और आभामंडल को शुद्ध करने के लिए की जाती है। स्कंद पुराण और कुछ वैदिक परंपराओं में हल्दी को रोगनाशक और शुभ ऊर्जा बढ़ाने वाला बताया गया है।
हल्दी वाले पानी से नहाने से मिलते हैं ये फायदे
ज्योतिष में हल्दी का संबंध गुरु ग्रह यानी बृहस्पति से माना जाता है। अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में गुरु कमजोर हो, तो हल्दी वाले पानी से स्नान करने से शुभ फल मिलने लगते हैं। इससे ज्ञान, सम्मान और आर्थिक स्थिति में सुधार आता है।
दूर होती है विवाह में आ रहीं बाधाएं
जिन लोगों के विवाह में बार-बार रुकावट आती है, उन्हें गुरुवार के दिन पानी में एक चुटकी हल्दी डालकर स्नान करने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि इससे विवाह योग मजबूत होता है और अच्छे रिश्ते आने लगते हैं।
नकारात्मक ऊर्जा होती है दूर
वास्तु और ज्योतिष के अनुसार हल्दी में सकारात्मकता होती है। हल्दी वाला स्नान करने से शरीर और मन की नकारात्मकता कम होती है। कई लोग इसे नजर दोष और बुरी ऊर्जा से बचाव के लिए भी करते हैं।
धन और सुख-समृद्धि में वृद्धि
हल्दी को मां लक्ष्मी का प्रिय माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि नियमित रूप से हल्दी वाला स्नान करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। ज्योतिष के अनुसार जब व्यक्ति मानसिक तनाव, भय या अशांति महसूस करे, तब हल्दी वाला स्नान लाभकारी माना जाता है। इससे मन में सकारात्मकता बढ़ती है और आत्मविश्वास मजबूत होता है।
हल्दी वाला स्नान कैसे करें (Haldi Wala Snan Kaise Kare)
गुरुवार की सुबह स्नान के पानी में एक चुटकी या आधा चम्मच हल्दी मिला लें। इसके बाद भगवान विष्णु या बृहस्पति देव का स्मरण करते हुए स्नान करें। कुछ लोग इसमें थोड़ा गंगाजल भी मिलाते हैं। ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा हल्दी का उपयोग न करें, वरना त्वचा और कपड़ों पर दाग पड़ सकते हैं।
वैज्ञानिक नजरिए से हल्दी वाले पानी से नहाने के फायदे
हल्दी में एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। यही वजह है कि आयुर्वेद में इसे त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद माना गया है। हल्दी वाला पानी त्वचा की सफाई करने, खुजली और छोटे इंफेक्शन कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा यह स्किन को ग्लो देने और शरीर की दुर्गंध कम करने में भी सहायक माना जाता है। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नाम का तत्व सूजन कम करने और त्वचा को हेल्दी रखने में मदद करता है।
किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए
अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा सेंसिटिव है या किसी प्रकार की एलर्जी की समस्या रहती है, तो हल्दी का प्रयोग सीमित मात्रा में करें। पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करना बेहतर माना जाता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
