Chandra Gochar 2026 : ज्योतिष शास्त्र में गजकेसरी योग को बेहद शुभ और प्रभावशाली योगों में गिना जाता है। 18 मई को चंद्रमा ने मिथुन राशि में प्रवेश कर लिया है, जहां पहले से देवगुरु बृहस्पति विराजमान हैं। चंद्रमा और गुरु की इस युति से गजकेसरी योग का निर्माण हुआ है। यह योग करीब दो दिनों तक प्रभावी रहेगा। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, यह योग बुद्धि, धन, सम्मान, करियर और निर्णय क्षमता को मजबूत करने वाला माना जाता है।
गुरु ज्ञान, भाग्य और विस्तार के कारक ग्रह हैं, जबकि चंद्रमा मन, भावनाओं और मानसिक स्थिति का प्रतिनिधित्व करते हैं। जब ये दोनों ग्रह एक साथ आते हैं तो व्यक्ति के आत्मविश्वास, सोच और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकता है। आइए जानते हैं कि यह गजकेसरी योग किन राशियों के लिए सबसे ज्यादा शुभ साबित हो सकता है।
मिथुन राशि
यह गजकेसरी योग सबसे ज्यादा मिथुन राशि वालों को प्रभावित करेगा क्योंकि यह योग आपकी ही राशि में बन रहा है। गुरु और चंद्रमा की युति आपके आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मजबूत करेगी। करियर में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। जो लोग नौकरी बदलने की सोच रहे हैं, उन्हें अच्छा अवसर मिल सकता है। बिजनेस में नए लोगों से संपर्क बढ़ेंगे और उनका लाभ भी मिलेगा। स्टूडेंट्स के लिए यह समय बहुत अच्छा माना जा रहा है। पढ़ाई में मन लगेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने की संभावना बनेगी। परिवार में भी सकारात्मक माहौल रहेगा।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह योग आय और लाभ के भाव को मजबूत कर सकता है। लंबे समय से रुका हुआ धन मिलने के संकेत हैं। नौकरी में सीनियर अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। अगर किसी नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं तो उसमें सफलता मिलने की संभावना है। सोशल सर्कल बढ़ सकता है और आपकी बातों का प्रभाव लोगों पर पड़ेगा। बिजनेस करने वालों को नया ऑर्डर या बड़ा क्लाइंट मिल सकता है। लव रिलेशनशिप्स में भी मधुरता बढ़ेगी।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए गजकेसरी योग भाग्य का साथ दिला सकता है। रुके हुए काम दोबारा गति पकड़ सकते हैं। विदेश से जुड़े कार्यों में सफलता मिल सकती है। नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी और मानसिक शांति महसूस होगी। गुरु और चंद्रमा की कृपा से आत्मबल मजबूत रहेगा। जो लोग नया काम शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए समय अनुकूल माना जा रहा है।
धनु राशि
धनु राशि वालों के लिए यह योग वैवाहिक और साझेदारी के मामलों में शुभ परिणाम दे सकता है। बिजनेस पार्टनरशिप से लाभ होने के संकेत हैं। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। गुरु आपकी राशि के स्वामी ग्रह हैं, इसलिए यह योग आपके लिए विशेष शुभ माना जा रहा है। करियर में अचानक अच्छा अवसर मिल सकता है। जो लोग इंटरव्यू या नई नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए यह योग शिक्षा, प्रेम और क्रिएटिव कार्यों में सफलता दिला सकता है। स्टूडेंट्स के लिए समय काफी अच्छा रहेगा। नई चीजें सीखने का मौका मिलेगा। नौकरी और बिजनेस दोनों में लाभ के संकेत हैं। संतान से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है। मानसिक तनाव कम होगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। निवेश से जुड़े मामलों में भी लाभ मिलने की संभावना बन रही है।
गजकेसरी योग में क्या करें?
इस दौरान भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करना शुभ माना जाता है। गुरु मंत्र या 'ॐ बृं बृहस्पतये नमः' मंत्र का जाप लाभदायक हो सकता है। पीले वस्त्र पहनना और जरूरतमंदों को केले, चने की दाल या हल्दी का दान करना भी शुभ माना गया है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
