Chandra Grahan 2022: साल का आखिरी चंद्र ग्रहण 08 नवंबर को लगने वाला है। जब सूर्य और चंद्रमा के बीच पृथ्वी आ जाती है, तब चंद्र ग्रहण लगता है। ज्योतिषियों के अनुसार, यह एक खंडग्रास चंद्रग्रहण होगा। चूंकि ये चंद्र ग्रहण देव दिवाली के दिन पड़ रहा है, इसलिए ज्योतिष शास्त्र के लिहाज से इसको महत्वपूर्ण बताया गया है। ज्योतिषविदों की मानें तो आगामी चंद्र ग्रहण चार राशि के जातकों की मुश्किलें खड़ी कर सकता है। इसलिए कुछ राशि के जातकों को इससे बहुत ज्यादा संभलकर रहने की सलाह दी गई है।
इन राशियों के लिए हो सकती है परेशानी
मेष राशि- साल का आखिरी चंद्र ग्रहण मेष राशि के जातकों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस राशि के जातकों को धन की हानि हो सकती है। आपको स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का भी सामना भी करना पड़ सकता है।
वृषभ राशि- वृषभ राशि के लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में अशुभ फल की प्राप्ति हो सकती है। सरकारी नौकरी जैसी प्रतियोगी परीक्षा में हिस्सा लेने वालों को अशुभ परिणाम मिल सकते हैं। पढ़ाई-लिखाई करने वालों की भी एकाग्रता भंग हो सकती है।
कर्क राशि- साल का आखिरी चंद्र ग्रहण कर्क राशि के जातकों की भी मुश्किलें बढ़ा सकता है। आपको नौकरी, व्यापार से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। घर के बुजुर्गों की सेहत का भी विशेष ख्याल रखें।
तुला राशि- तुला राशि वाले चंद्र ग्रहण के सूतक काल और चंद्र ग्रहण की अवधि में विशेष सावधानी बरतें। आपकी राशि में धन हानि के संकेत हैं। खर्चे बढ़ सकते हैं और बैंक-बैलेंस बिगड़ सकता है। इस दौरान पैसों के उधार लेन-देन से भी बचें।
धनु राशि- चंद्र ग्रहण के चलते धनु राशि के जातकों को भी नौकरी में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। कार्यस्थल पर वरिष्ठ कर्मचारियों के साथ संबंध खराब हो सकते हैं। घर में भी लड़ाई, झगड़े और तनाव का माहौल बन सकता है।
ऐसे किया जा सकता है ग्रहण के प्रभावों को कम
कहा जाता है कि कुछ छोटे-छोटे उपाय करके हम चंद्र ग्रहण के प्रभावों को कम कर सकते हैं। इन्हीं में से एक है गुरु मंत्र का जाप। माना जाता है कि गुरु ग्रह के बीज मंत्र 'ऊं ग्रां ग्रीं ग्रौं स: गुरुवे नम:' का ग्रहण के दौरान जाप करना जातक के लिए उचित रहता है। इससे ग्रहण के प्रभाव पूरी तरह से खत्म तो नहीं होते, लेकिन उसका असर जरूर कम हो जाता है।(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
