Shanivar ke Niyam: हिन्दू पुराणों में शनिदेव को कर्मफल दाता और बहुत क्रोधी स्वभाव का बताया गया है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शनिदेव जब प्रसन्न होते हैं, तो व्यक्ति को उसके सभी दुखों से मुक्ति दिला सकते हैं। ज्योतिष शास्त्र में क्रोधित शनि देव को प्रसन्न करने के कई उपाय बताए गए हैं। शनिवार के दिन शनिदेव को खुश करने के लिए लोग व्रत रखने के साथ गरीबों को दान करने जैसे उपाय अपनाते हैं। इसके अलावा शनिवार को शनि मंदिर या पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र में शनिवार के दिन कुछ कार्य करने से मनाही की गई है। मान्यता है कि इन कार्यों को करने से शनिदेव नाराज हो जाते हैं। नीचें हम कुछ ऐसे ही कार्यों के बारे में बता रहे हैं।
शनिवार के दिन लोहा खरीदने से बचें
शनिदेव को लोहे की चीजें काफी प्रिय होती हैं, लेकिन क्या आपको मालूम है कि शनिवार के दिन लोहे की वस्तु खरीदने पर शनिदेव नाराज हो जाते हैं, जिससे घर में कलह और रिश्तों में मनमुटाव आ सकता है। लोहे को शनि का धातु माना गया है, इसलिए शनिवार के दिन लोहा या लोहे से बनी वस्तुएं खरीदने से परहेज करना चाहिए। अन्यथा शनिदेव की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है।
शनिवार के दिन लोहा करें दान
शनिवार के दिन लोहा खरीदना शुभ नहीं होता है, लेकिन लोहा दान करना काफी शुभ माना जाता है। क्योंकि शनिदेव को लोहा अंत्यत प्रिय है। ऐसे में इस दिन लोहा खरीदने की बजाय लोहा दान करें। इससे शनिदेव बेहद प्रसन्न होते हैं और वे अपनी कृपा दृष्टि सदैव जातक पर बनाए रखते हैं। लोहा दान करने से नौकरी व बिजनेस में बढ़ोतरी होती है साथ ही दुर्घटना की बाधा भी टल सकती है।
नाखून काटने से हो सकता है बुरा प्रभाव
ज्योतिष शास्त्रों के अनुसार, शनिदेव का संबंध मनुष्य की हड्डियों, कफ, स्नायु आदि से होता है। इसलिए शनिवार को भूलकर भी नाखून, बाल और दाढ़ी आदि नहीं कटाना चाहिए। वरना इसका जीवन पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है, साथ ही शनि ग्रह का दोष भी लग सकता है। हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि शनिवार के दिन ऐसा कोई भी कार्य न करें, जिससे शनिदेव के क्रोध का शिकार होना पड़े।
(डिस्क्लेमर : यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।)
