इस दुनिया में बच्चे पैदा करने का काम मादाओं का होता है, चाहे वह इंसान हो या फिर जानवर या कोई अन्य प्राणी ही क्यों ना हो। लेकिन आज हम एक ऐसे जीव के बारे में जानेंगे जिनमें मादा नहीं बल्कि नर बच्चों को जन्म देता है।
जी हां! हम बात कर रहे हैं सीहॉर्स की, जिनमें मादा नहीं बल्कि नर गर्भवती होता है। यह जानने के बाद अब आप सोच रहे होंगे कि भला ये कैसे संभव है कि कोई नर बच्चा पैदा करता हो, तो आइए आज इसी के बारे में जानते हैं।
दरअसल, नर सीहॉर्स के पास एक ब्रूड पाउच (brood pouch) होता है जिसमें मादा अंडे डालती है। नर उन अंडों को उस पाउच में उनके विकसित होने तक सुरक्षित रखता है और फिर वह एक समय बाद छोटे-छोटे बच्चों को जन्म देता है।
नर सीहॉर्स एक बार में 5 से 1500 तक बच्चे दे सकता है। यह उनकी अलग-अलग प्रजातियों पर निर्भर करता है। इनके बच्चे जन्म के तुरंत बाद ही अलग हो जाते हैं। मतलब ये कि उन्हें अपने बच्चों के पालन-पोषण की कोई चिंता नहीं होती।
सीहॉर्स गहरे समुद्र में पाया जाता है और ये तैर भी सकता है। हालांकि ये बहुत ही खराब तैराक होते हैं और इनके तैरने की गति बेहद ही धीमी होती है। इन्हें समुद्र की सबसे धीमी मछलियों में गिना जाता है।
इनका नाम सीहॉर्स इसिलिए है क्योंकि इनका चेहरा किसी घोड़े की तरह होता है। सीहॉर्स उन गिनी-चुनी मछलियों में से एक है जो वर्टिकल यानी सीधे तैरती हैं। इनके पास दांत और पेट दोनों नहीं होते इसलिए इन्हें बार-बार खाना पड़ता है।
बता दें कि सीहॉर्स रंग बदलने में गिरगिट से भी ज्यादा माहिर होते हैं। वे अपने आस-पास के माहौल के अनुसार अपना रंग बदल सकते हैं। जब भी उन्हें खतरा महसूस होता है या फिर उन्हें अपने किसी साथी को आकर्षित करना हो तो वे तुरंत अपना रंग बदल लेते हैं।