इंसानों ने इस धरती पर खुद के लिए कई तरह की रस्में और परपराएं बना रखी हैं। पैदा होने से लेकर मरने तक अलग-अलग जगहों पर तरह-तरह की रस्में और परंपराओं को निभाया जाता है।
ऐसे में कुछ रस्में और परंपराएं ऐसी होती हैं, जिन्हें जानने और सुनने के बाद लोगों के कान खड़े हो जाते हैं। आज हम आपको ऐसी ही एक परंपरा के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे लोग अपनों के मरने के बाद निभाते हैं।
इस अनोखे रस्म के तहत लोग अपने के मरने पर उनके अंतिम संस्कार में नोट जलाते हैं। अब वे भला ऐसा क्यों करते हैं, यही सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर किसी के मरने के बाद भला उन पर पैसा क्यों फूंकना?
सबसे पहले तो हम आपको यह बता दें कि यह रस्म कहां पर निभाई जाती है? दरअसल, यह परंपरा चीन और ताइवान के कुछ हिस्सों में निभाई जाती है। जहां लोग अपनों के मरने के बाद नकली नोट जलाते हैं।
जलाए गए इन नकली नोटों को घोस्ट मनी या जॉस पेपर कहा जाता है। इस रस्म को लेकर यह मान्यता है कि इन नोटों को जलाने से उनके मृत परिजनों को स्वर्ग या परलोक में धन-दौलत की कोई कमी नहीं होगी। जिससे उन्हें परलोक में कोई कष्ट नहीं होगा।
यहां के लोग मानते हैं कि जब कोई व्यक्ति मर जाता है, तो वह एक दूसरी दुनिया में चला जाता है। उस दुनिया में भी उसे जीवन जीने के लिए पैसों और जरूरी चीजों की जरूरत होती है।
ऐसे में परिवार के लोग अपने मृत परिजन के लिए कागज के बने नकली नोटों को जलाते हैं, ताकि वह पैसा उस आत्मा तक पहुंच सके। जिससे वह उस दूसरी दुनिया में सुख और चैन से रह सके।
इस अनोखे रस्म में इन नोटों के अलावा लोग कागज से बनी दूसरी चीजें भी जलाते हैं, जैसे घर, गाड़ियां, कपड़े, मोबाइल फोन। ऐसा माना जाता है कि ये सारी चीजें जलने के बाद उस व्यक्ति तक दूसरी दुनिया में पहुंच जाती हैं, जिससे उसे वहां किसी चीज की कमी नहीं होती।
इस परंपरा को आमतौर पर लोग पूर्वजों की पूजा से जोड़ते हैं। जैसे हमारे यहां श्राद्ध होता है, वैसे ही यहां इस रस्म को निभाया जाता है, जो चीनी परंपरा (Chinese culture) का एक अहम हिस्सा है।