संदकफू ट्रेक भारत के सबसे फेमस ट्रेकों में से एक संदकफू ट्रेक पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में स्थित है। सिंगालीला रेंज में बसा यह ट्रेक रोडोडेंड्रोन के जंगलों, सुंदर पहाड़ियों से होकर गुजरता है और भारत-नेपाल सीमा को भी छूता है।
11,930 फीट की ऊंचाई पर, शिखर आपको एक ऐसा सूर्योदय का नजारा प्रस्तुत करता है जिसे आप कभी नहीं भूल पाएंगे। यहां बर्फ से ढके विशालकाय पहाड़ सुनहरी रोशनी में चमकते हैं। यह ट्रेक लगभग 68 किलोमीटर तक फैला हुआ है।
माउंट एवरेस्ट (8848m), ल्होत्से (8516m), मकालू (8485m) और कंचनजंघा (8586m) चार प्रमुख चोटियों को एक साथ देख पाने का यह एकमात्र ट्रेक है। यह हिमालय का एक रहस्य है जो हर ट्रेकिंग करने वाले की बकेट लिस्ट में जगह पाने का हकदार है।
यह ट्रेक भारत-नेपाल सीमा के पास चलता है ऐसे में इस ट्रेक के माध्यम से आपके पास नेपाली संस्कृति और गांव को करीब से महसूस करने का मौका होता है। टुमलिंग, कालापोखरी जैसे गांव रास्ते में आते हैं।
कठिनाई स्तर की बात करें तो इस ट्रेक को आसान से मध्यम के स्तर पर रखा जा सकता है। इस ट्रेक को पूरा करने में 6–8 दिन का समय लग सकता है। दार्जिलिंग से 4-5 घंटे की दूरी पर मानेभंजन इसका बेस पॉइंट है।
टुमलिंग, कालापोखरी, संदकफू और श्रीखोला में आपको स्टे के लिए होमस्टे और लॉज मिल जाएंगे। इसके अलावा इंडियन टूरिज्म और गोरखा हिल्स ट्रेकर्स के यहां पर कुछ गेस्ट हाउस भी मौजूद हैं।