विविधता से भरे हमारे देश भारत में कई ऐसे पर्यटक स्थल हैं जहां अमीर और गरीब दोनों ही लोग समान रूप से यात्रा का आनंद लेते हैं। यहां किसी भी तरह कोई भेदभाव नहीं होता और ये अमीर गरीब का भेद मिटाती है।
हिमालय की बर्फीली पहाड़ियों के बीच चमोली जिला, उत्तराखंड में स्थित हेमकुंड साहिब सिख धर्म का एक प्रमुख तीर्थ स्थल है। यहां स्थित गुरुद्वारे में लंगर (साझा भोजन) की व्यवस्था होती है, जहां सभी भक्त एक साथ बैठकर खाना खाते हैं। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और शांति पर्यटकों को काफी लुभाता है।
भगवान शिव को समर्पित महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन का एक प्रमुख आकर्षण है। यहां हर 12 साल में कुंभ मेला भी लगता है जिसमें लाखों भक्त अमीर-गरीब के ख्याल को मन से निकालकर स्नान करते हैं। धार्मिक आस्था, संस्कृति, और इतिहास का संगम आपको उज्जैन में देखने को मिल जाएगा।
जम्मू-कश्मीर राज्य में स्थित प्रसिद्ध हिंदू तीर्थ स्थल वैष्णो देवी कटरा से तकरीबन 13 किलोमीटर दूर स्थित है। मानसिक शांति और आध्यात्मिक लाभ के लिए श्रद्धालु यहां आते हैं। इस पावन स्थल में भंडारे की व्यवस्था होती है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद दिया जाता है।
बिहार में स्थित एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बोधगया में हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। यहां कई बौद्ध आश्रम और ध्यान के केंद्र मौजूद हैं जहां भक्त एकसाथ बैठकर ध्यान और साधना कर सकते हैं। महाबोधि मंदिर बोधगया का प्रमुख आकर्षण है।
मथुरा के निकट भगवान कृष्ण का जन्मस्थान वृंदावन भक्तों के लिए महत्वपूर्ण है। साधना और भक्ति के लिए यहां कई आश्रम और साधना केंद्र हैं जहां सभी भक्त एक साथ बैठकर भगवान कृष्ण की अराधाना करते हैं। राधा रमण, बंसी बिहारी और ISKCON मंदिर यहां के प्रमुख मंदिर हैं।