विराट कोहली अब केवल एक फॉर्मेट खेलते हैं। उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से और फिर बीते साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। एक फॉर्मेट खेलने के बावजूद उनके फैंस मानते हैं कि उनके पास सचिन तेंदुलकर के 100 इंटरनेशनल सेंचुरी के रिकॉर्ड की बराबरी करने का मौका है। इस पर अब युवराज सिंह ने भविष्यवाणी की है।
वर्तमान में सर्वाधिक शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में विराट 85 शतक के साथ नंबर दो पर हैं। विराट के नाम वनडे क्रिकेट में 54 शतक, टेस्ट में 30 शतक और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक शतक है।
विराट कोहली के पास कम से कम 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक का समय है। जिस हिसाब से वह अपनी फिटनेस पर काम करते हैं, उसको देखते हुए लगता है कि वह 2027 तक जरूर टीम इंडिया के साथ बने रहेंगे। ऐसे में वह इस 100 शतक के माइलस्टोन से करीब 15 शतक दूर हैं। यह आसान बिल्कुल नहीं होने वाला है, लेकिन युवराज सिंह ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
युवराज सिंह ने एक निजी पॉडकॉस्ट में विराट के 100 शतक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनसे जब विराट के 100 शतक की संभावना पर सवाल किया था तो उन्होंने बिना हिचके कहा कि वह कुछ भी कर सकते हैं।
युवराज ने विराट के मौजूदा फॉर्म की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक साल के गैप के बावजूद उन्होंने आईपीएल की शुरुआत की है। वह काबिलेतारीफ है। एक बॉल भी ऐसा नहीं लगा कि वह लय में नहीं हैं। जब कमिंटमेंट की बात आती है तो उनका कोई भी जोड़ नहीं है। वह अब भी रन के लिए उतने ही भूखे हैं। ईमानदारी से कहूं तो वह कुछ भी कर सकते हैं।
शतक के साथ-साथ विराट कोहली सर्वाधिक रन बनाने के मामले में भी नंबर दो पर हैं। विराट के नाम 559 मैच में 28,215 रन हैं। सचिन तेंदुलकर 34,357 रन के साथ टॉप पर हैं।
विराट ने टेस्ट क्रिकेट से जल्दी संन्यास ले लिया। ऐसा फैंस के साथ-साथ कई पूर्व क्रिकेटर भी मानते हैं। यही कारण है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 10000 रन ना बना पाने का मलाल रहेगा। विराट के नाम टेस्ट में 123 मैच में 9,230 रन हैं।