टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर शिवम दुबे ने भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच टी20 मैचों की सीरीज समाप्त होते-होते अपनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी को एक नए वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ यादगार बना दिया है। आइए जानते हैं क्या है ये रिकॉर्ड।
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई 5 टी20 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। अंतिम दो मुकाबलों में शिवम दुबे की भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बार फिर वापसी हुई और आते ही उन्होंने धमाल मचा दिया।
शिवम दुबे ने पुणे में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 मैच में गेंदबाजी तो नहीं की लेकिन 53 रनों की शानदार पारी खेली और हार्दिक पांड्या (53) के साथ मिलकर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया जिसके दम पर भारत को जीत मिली और अजेय बढ़त भी।
इस भारतीय ऑलराउंडर ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें व अंतिम टी20 मैच में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने सबसे पहले 30 रनों की धुआंधार पारी खेली और उसके बाद गेंदबाजी में कुल 11 रन देकर 2 विकेट भी झटके। भारत ने मुंबई में ये मैच 150 रन के बड़े अंतर से जीता।
इस जीत के साथ जहां सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टी20 टीम ने नया कीर्तिमान हासिल किया, वहीं दूसरी ओर शिवम दुबे के नाम भी एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हुआ है जो वाकई दिलचस्प है।
शिवम दुबे ने इसी के साथ लगातार 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वो जिन पिछले 30 टी20 मैचों में भारत के लिए खेले हैं, उसमें से टीम इंडिया एक भी नहीं हारी है। लगातार इतनी टी20 जीत अपने नाम दुनिया के किसी भी खिलाड़ी के नाम दर्ज नहीं है।
आपको बता दें कि शिवम दुबे ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक सिर्फ 35 मैच ही खेले हैं। उन्होंने टीम के साथ आखिरी बार बांग्लादेश के खिलाफ हार 8 विकेट से हार झेली थी, वो उनका पांचवां टी20 मैच था। उसके बाद से जिन भी 30 मैचों में वो टीम का हिस्सा रहे हैं, वो टीम इंडिया के बेहद लकी रहे हैं।