चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में 19 सितंबर से भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच शुरू होने वाला है। इस सीरीज में टीम इंडिया के तमाम दिग्गज एक बार फिर भारतीय जर्सी में मैदान पर नजर आएंगे। आपको बता दें कि बांग्लादेश आज तक भारत के खिलाफ खेले गए 13 टेस्ट मैचों में से एक में भी नहीं जीता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, हालांकि अब भी वो वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं। जब बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वो मैदान पर उतरेंगे तो सबकी नजरें उन पर रहेंगी।
दुनिया भर में हिटमैन के नाम से मशहूर भारतीय ओपनर व कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट क्रिकेट में एक बड़े रिकॉर्ड के करीब हैं। वो रिकॉर्ड और किसी का नहीं बल्कि भारत के महान पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड है।
वीरेंद्र सहवाग के नाम टेस्ट क्रिकेट में किसी भी भारतीय द्वारा सर्वाधिक 91 छक्कों का रिकॉर्ड दर्ज है जो उन्होंने 104 मैचों में लगाए थे। वहीं रोहित शर्मा 59 मैचों में 87 छक्के लगा चुके हैं और अब सहवाग का ये रिकॉर्ड तोड़ने से बस 5 छक्के दूर हैं।
रोहित शर्मा अगर बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दो मुकाबलों में 13 छक्के लगाने में सफल हो जाते हैं तो वो ना सिर्फ सहवाग को पीछे छोड़ देंगे बल्कि पहले भारतीय बन जाएंगे जिसने 100 टेस्ट छक्के लगाए हो।