चेन्नई सुपर किंग्स और भारत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक रहे महेंद्र सिंह धोनी का एक और आईपीएल सीजन समाप्त हो गया। अपने आखिरी बयान में उन्होंने संन्यास से जुड़े सवालों का जवाब तो दिया ही, जो वो पिछले कई दिनों से दोहराते आए हैं, लेकिन इस बीच उन्होंने एक ऐसी चीज भी कही जो आजकल के क्रिकेटर्स को भी समझनी चाहिए।
अहमदाबाद के मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स और मेजबान गुजरात टाइटंस के बीच मैच हुआ। ये इस सीजन की नंबर.1 टीम का मुकाबला आखिरी स्थान की टीम यानी नंबर.10 पर मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स से था। धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और चेन्नई ने 5 विकेट के नुकसान पर 230 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
अंक तालिका में सीजन की नंबर.1 टीम गुजरात टाइटंस से उम्मीद थी कि वे चेन्नई को कड़ी टक्कर देंगे लेकिन गुजरात की पूरी पारी सिर्फ 18.3 ओवर में 147 रनों पर ही सिमट गई और चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 को 83 रनों की बड़ी जीत के साथ अलविदा कहा।
मुकाबला जब खत्म हुआ तो सभी को इंतजार था कि महेंद्र सिंह धोनी जब प्रेजेंटेशन सेरेमनी में आएंगे तो क्या कहेंगे। पिछले दो सीजन से लगातार आखिरी मुकाबले में उनसे सवाल-जवाब मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ही कर रहे थे और इस बार भी उनके सामने वही थे और चंद पलों में वो सवाल आ गया जिसका फैंस को इंतजार था कि क्या वो अगले साल लौटेंगे।
धोनी ने साफ शब्दों में एक बार फिर वही कहा जो वो पिछले एक महीने से कई बार कह चुके हैं कि वो कुछ महीनों का समय लेंगे, थोड़ा खाली समय का लुत्फ उठाएंगे।
धोनी ने कहा कि वो अपने शरीर व स्वास्थ्य की स्थिति देखेंगे और उसके बाद निर्णय लेंगे कि उन्हें अगला आईपीएल सीजन खेलना है या नहीं और उसकी तैयारी में जुटना है या नहीं।
जब धोनी अपने रिटायरमेंट या फिर अगले साल खेलने को लेकर हो रहे सवाल का जवाब दे रहे थे, उसी बीच उन्होंने एक बहुत दिलचस्प बात कही जिसने सबका दिल जीत लिया और साथ ही सोशल मीडिया पर ये बात भी उठने लगी कि विराट कोहली को भी धोनी के इस बयान को समझना चाहिए। दरअसल, धोनी ने कहा- ये पेशेवर क्रिकेटर है। हमेशा सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं है जो मायने रखता है। अगर क्रिकेटर्स अपने प्रदर्शन को देखकर रिटायर होने लगे, तब तो कुछ खिलाड़ी 22 साल की उम्र में ही रिटायर हो जाएंगे। देखना ये है कि आपमें कितनी भूख है और आप कितने फिट हैं। क्या टीम को आपकी जरूरत है या नहीं।
गौरतलब है कि भारत के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने खुलासा किया है कि विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से इसलिए रिटायरमेंट लिया क्योंकि उनका मानना था कि वो टेस्ट क्रिकेट में वैसा प्रदर्शन नहीं दे पा रहे हैं जैसा बेंचमार्क उन्होंने इतने सालों से खुद के लिए बनाया था। वहीं धोनी ने अपने बयान में यही कहा कि प्रदर्शन इतना मायने नहीं रखता, आपको देखना होता है कि आप कितना फिट हैं और रनों की कितनी भूख है। विराट फिट भी हैं और उनके रनों की भूख IPL में अब भी नजर आ रही है, इसके अलावा टीम को भी इंग्लैंड में सबसे ज्यादा उनकी जरूरत थी, फिर भी अचानक उन्होंने टेस्ट से रिटायरमेंट ले लिया।