जब गोविंदा ने अपनी शर्ट राजकुमार के लिए तोहफे के तौर पर दी तो उन्होंने एक्टर से तो कुछ नहीं कहा लेकिन बाद में उसे अपने दर्जी के पास भेज दी। इस शर्ट को राजकुमार ने बाद में कटवाकर रूमाल बनवा लिया। गोविंदा को इस बात की कानों-कान खबर नहीं थी और उन्हें यही लग रहा था कि कभी राज साहब उनकी शर्ट पहने दिखेंगे।
ये बात है साल 1988 की जब गोविंदा ने राजकुमार के साथ फिल्म जंगबाज शुरू की थी। 80 के दशक में गोविंदा कई फिल्में कर रहे थे, जिसमें से एक ये भी थी। इस फिल्म में राजकुमार दमदार भूमिका में थे और गोविंदा को उनके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला था। एक दिन सेट पर गोविंदा अपनी रंग-बिरंगी शर्ट पहनकर पहुंचे। जब राजकुमार ने इस शर्ट को देखा तो उन्होंने गोविंदा को पास बुलाया और उनकी शर्ट की तारीफ की।
गोविंदा उन दिनों इंडस्ट्री में नए-नए आए थे और काफी सीधे थे। उन्हें नहीं पता था कि राजकुमार की किस बात का क्या मतलब है? राजकुमार के मुंह से अपनी शर्ट की तारीफ सुनकर गोविंदा खुश हो उठे और उन्होंने फैसला किया कि वो इसे राजकुमार को गिफ्ट करेंगे। बस फिर क्या था... गोविंदा ने अपनी शर्ट राजकुमार साहब को गिफ्ट में दे डाली। गोविंदा को ये अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों में इस शर्ट का क्या हाल होगा?
असल में गोविंदा 80 के दशक में काफी चमकीले कपड़े पहनते थे। बाद में चलकर ये उनका स्टाइल भी बन गया लेकिन शुरुआती दिनों में लोग इन चमकदार कपड़ों की वजह से उन्हें ताने मारते थे। राजकुमार ने भी गोविंदा को शर्ट के लिए उल्टे हाथ का कॉम्प्लीमेंट किया था, जो एक तरह का मजाक था लेकिन गोविंदा को ये समझ नहीं आया।
जब गोविंदा ने अपनी शर्ट राजकुमार के लिए तोहफे के तौर पर दी तो उन्होंने एक्टर से तो कुछ नहीं कहा लेकिन बाद में उसे अपने दर्जी के पास भेज दी। इस शर्ट को राजकुमार ने बाद में कटवाकर रूमाल बनवा लिया। गोविंदा को इस बात की कानों-कान खबर नहीं थी और उन्हें यही लग रहा था कि कभी राज साहब उनकी शर्ट पहने दिखेंगे।
एक दफा राजकुमार रूमाल से अपना चेहरा साफ कर रहे थे। गोविंदा की नजर जब राजकुमार के रूमाल पर पड़ी तो वो हक्के-बक्के रह गए। गोविंदा को राज साहब के हाथ में जो रूमाल दिख रहा था, वो एक्टर की शर्ट का हिस्सा था। गोविंदा ये देखकर हैरान रह गए और उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
ऐसा बताया जाता है कि राजकुमार की इस हरकत से गोविंदा के दिल पर भारी चोट लगी थी लेकिन क्योंकि राजकुमार सीनियर थे तो वो उन्हें कुछ कह नहीं पाए। जब फिल्म जंगबाज रिलीज हुई तो दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया और ये बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। गोविंदा के स्टाइल और राजकुमार की जबरदस्त डायलॉगबाजी से भरी जंगबाज 1988 की सबसे सफल मूवीज में से एक थी।