MP में हर बूंद की हो रही हिफाजत, फिर से लबालब होने लगे नदी-तालाब और कुंए; सरकार की पहल लाने लगी रंग

मध्य प्रदेश में पानी के संरक्षण और संवर्धन की नजर से राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। इसका नाम है जल गंगा संवर्धन अभियान। 30 मार्च को शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेश के तमाम जल स्रोतों, वो चाहें नदी-तालाब हों या झील-कुएं सबको फिर जीवत करना है और संरक्षित करना है। महीने भर में इसका असर दिखने लगा है।

Edited by: निशांत तिवारीUpdated May 5 2025, 17:29 IST
जल गंगा संवर्धन अभियान01 / 06

जल गंगा संवर्धन अभियान

मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन सरकार पानी की बूंद-बूंद बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए शुरू किया गया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जल गंगा संवर्धन अभियान अब असर दिखाने लगा है। करीब एक महीने में ही सरकार और प्रशासन ने पूरे प्रदेश में जल से संबंधित 8202 पुरानी इकाइयों का संरक्षण किया है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार का लक्ष्य 70 हजार पुराने कुएं-तालाब-बावड़ियों को ठीक करना है।

​महीने भर में ही दिखने लगा है असर02 / 06

​महीने भर में ही दिखने लगा है असर

इस अभियान के अंतर्गत अभी तक पूरे प्रदेश में 31 हजार 857 खेत तालाब खोदे गए हैं। सरकार का लक्ष्य 81 हजार 78 खेत तालाब खोदना है। एक महीने के अंदर सरकार ने 34 हजार 171 कुओं को पानी से रिचार्ज कर दिया है। अभियान में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अंत तक एक लाख कुओं को रिचार्ज किया जाएगा। मध्य प्रदेश सरकार ने अभियान की शुरुआत से अभी तक 932 अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं संवर्धन का काम किया है। सरकार का लक्ष्य अभियान के आखिरी तक एक हजार अमृत सरोवरों का निर्माण करना है।

तीन महीने का अभियान03 / 06

तीन महीने का अभियान

मध्य प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च से शुरू हुआ है और यह 30 जून तक चलेगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें और एकजुट होकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन के अस्तित्व का आधार जल ही है। इसलिए इसकी एक-एक बूंद बचाने की जरूरत है। इस अभियान को लेकर मुख्यमंत्री इतने प्रतिबद्ध हैं कि उन्होंने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों और जन प्रतिनिधियों को भी इसकी देखरेख सौंपी है। बता दें, कि प्रदेश सरकार का यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कामों में शामिल है।

बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे आमजन04 / 06

बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे आमजन

इस अभियान का उद्देश्य राज्य के जल स्रोतों, नदियों, तालाबों, झीलों, पुराने कुओं, बावड़ियों और जल-धाराओं को फिर से जीवित करना है। जीवित करने के बाद इन स्रोतों की देखरेख और संरक्षण किया जाएगा। सरकार ने इन सभी स्रोतों को जीवित करने, सफाई, सीमांकन करने के लिए जन भागीदारी का भी सहारा लिया है। लोग बड़ी संख्या में श्रमदान कर पानी को बचाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

कार्यक्रमों के जरिए पहुंच रहा है जनता तक संदेश05 / 06

कार्यक्रमों के जरिए पहुंच रहा है जनता तक संदेश

जिला प्रशासन विशेष रूप से नदियों के किनारे देशी प्रजातियों के पौधे रोप रहा है। इससे जमीन के नीचे जल-स्तर बढ़ रहा है और मिट्टी को नुकसान से बचाया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को अनिवार्य कर दिया गया है। स्कूल और कॉलेजों में जल-संरक्षण पर जन-जागरण अभियान, रैलियां, निबंध प्रतियोगिताएं, जल संवाद और ‘जल प्रहरी’ जैसी गतिविधियों को संचालित किया जा रहा है। सरकार पानी को बचाने के लिए ड्रोन से सर्वेक्षण, वैज्ञानिक तरीके से जलग्रहण क्षेत्र की मैपिंग, भू-जल पुनर्भरण तकनीकों का उपयोग कर रही है।

दिखने लगे प्रभावी परिणाम06 / 06

दिखने लगे प्रभावी परिणाम

प्रदेश की मोहन सरकार जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कर रही है। इनके माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है और उनके बीच जल संरक्षण का संदेश भी पहुंचाया जा रहा है। अभियान के एक महीने के अंदर ही हजारों जल स्रोत पुनर्जीवित होने लगे हैं। भविष्य में बारिश के मौसम में इसके और ज्यादा प्रभावी परिणाम दिखने लगेंगे। भूजल स्तर में सुधार होगा, हरियाली बढ़ेगी, मिट्टी में नमी आएगी तो पूरे प्रदेश में जल संकट दूर होता दिखाई देगा। इसके अलावा इस अभियान ने समाज की मनोवृत्ति पर भी असर डाला है।

End of Photo Gallery
Subscribe to our daily Newsletter!