बिहार के 16 जिलों में आंधी- तूफान का कहर, 33 की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 21, 2022, 07:06 AM IST

आंधी और तूफान बिहार के 16 जिलों में हजारों लोगों के लिए काल बन गया। इसकी वजह से 33 लोगों की मौत हुई।

बिहार के 16 जिलों में आंधी- तूफान का कहर, 33 की मौत

बिहार के 16 जिलों में बीती रात आंधी और तूफान ने जमकर तबाही मचाई। आंधी और तूफान की वजह से अलग अलग जिलों में कुल 33 लोगों की मौत हुई और लाखों की संपत्ति तबाह हो गई। भागलपुर और मुजफ्फरपुर जिलों में सात और छह मौतों के साथ सबसे अधिक नुकसान हुआ।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए शुक्रवार को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की. उन्होंने अधिकारियों को घरों और फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने का भी निर्देश दिया।

जमकर हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार समस्तीपुर में 22 मिमी, भागलपुर में 18.2 मिमी और अररिया में 5 मिमी बारिश हुई। औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस, नवादा में 43.8 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा में 43.6 डिग्री सेल्सियस, नालंदा में 41.5 डिग्री सेल्सियस, गया में 40 डिग्री सेल्सियस और पटना में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 23 मई तक राज्य में बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने 20 मई को पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा के इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया था जिसमें सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार शामिल थे।


बिहार सरकार का कहना है कि प्रभावित लोगों को हर स्तर पर मदद की जा रही है। आंधी तूफान की वजह से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर चार चार लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। लेकिन जरूरत पड़ने पर मदद की राशि के बारे में सोचा जा सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!