पटना: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण देश में लॉकडाउन है। लोग इस दौरान बड़ी संख्या में अपने घर लौट रहे हैं। अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेश से भी लोग अपने गृह राज्य लौटे हैं। विदेशों में फंसे लोगों को धीरे-धीरे फ्लाइट से भारत लाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिहार के कई लोग भी फ्लाइट से लौटे हैं। यहां आने वालों को जांच के बाद क्वारंटाइन सेंटर में भेजा जा रहा है। इसी बीच राज्य के गया जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सऊदी अरब से लौटे एक युवक ने क्वारंटाइन सेंटर की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। युवक ने यह जानलेवा कदम शुक्रवार तड़के उठाया। मृतक तीन जून को सऊदी से लौटा था।
घरेलू कारणों से था परेशान
खुदकुशी करने वाले शख्स की पहचान विक्की कुमार के तौर पर हुई है। वह गोपालगंज जिले के छतिया गांव का रहने वाला था। अभी तक विक्की की आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, बताया जा रहा कि वह घरेलू कारणों के चलते काफी परेशान था। क्वारंटाइन सेंटर में अचानक हुई इस घटना से हड़कंप मच गया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के कमिश्नर ने जांच के आदेश दिए हैं। घटना के बाद पुलिस ने क्वारंटाइन सेंटर में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की है।
'सैकड़ों विदेशी हैं क्वारंटाइन'
आईएएनएस के मुताबिक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक नागेंद्र कुमार बताया कि कोविड-19 से सुरक्षा व बचाव को लेकर किए गए लॉकडाउन के दौरान विभिन्न देशों में फंसे भारतीय प्रवासियों, जो अपने वतन वापस लौटने को इच्छुक हैं, के लिए वंदे भारत मिशन के तहत हवाईजहाज चलाए जा रहे हैं। इस मिशन के तहत बिहार के लिए लैंडिंग प्वाइंट गया जिले को बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत विक्की कुमार भी आया था। उन्होंने कहा कि विक्की के मेडिकल स्क्रीनिंग करने के बाद के उन्हें निगमा मोनास्ट्री में क्वारंटाइन किया गया था। जहां सैकड़ों विदेशी क्वारंटाइन हैं। इसी दौरान विक्की ने छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
Bihar Vidhan Sabha Chunav के सभी अपडेट Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।