नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, अब पहले की तरह खुलेंगे स्कूल, पार्क, उद्यान और शॉपिंग मॉल 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2021, 01:55 PM IST

बिहार सरकार ने सभी दुकानें, प्रतिष्ठान शॉपिंग माल, पार्क, उद्यान एवं धार्मिक स्थल पहले की तरह खोलने का फैसला लिया है।

नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, अब पहले की तरह खुलेंगे स्कूल, पार्क, उद्यान और शॉपिंग मॉल 

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को कहा कि कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी दुकानें, प्रतिष्ठान शॉपिंग माल, पार्क, उद्यान एवं धार्मिक स्थल पहले की तरह खोलने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने यह फैसला कोरोना समीक्षा बैठक के बाद लिया है। सीएम ने प्रतिबंध हटाने से संबंधित कई ट्वीट किए हैं। अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की अनुमति से सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन अपेक्षित सावधानियों के साथ आयोजित किए जा सकेंगे। 

पहली से 12वीं तक खुलेंगे स्कूल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विश्वविद्यालय, कॉलेज, तकनीकि शिक्षण संस्थान तथा विद्यालय (पहली से बारहवीं कक्षा तक) के साथ-साथ कोंचिग संस्थान भी सामान्य रूप से खुलेंगे। राज्य के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, विद्यालयों द्वारा परीक्षा आयोजित की जा सकेंगी। राज्य सरकार ने 50% क्षमता के साथ सिनेमा हॉल, क्लब, जिम, स्वीमिंग पूल, रेस्टोरेंट एवं खाने की दुकान (आंगतुकों के साथ) खोलने की इजाजत दी है।

सीएम ने कहा है कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए राज्य के सभी लोगों को कोविड अनुकूल व्यवहार के साथ सावधानी बरतने की जरूरत है। 

इससे पहले 21 जून को प्रतिबंधों में मिली छूट
इससे पहले बिहार सरकार ने 21 जून को लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील की घोषणा की थी। इस दिन सीएम ने राज्य के सभी सरकारों एवं गैर सरकारी कार्यालयों को पूरी क्षमता के साथ कार्य करने की इजाजत दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह छूट 23 जून से छह जुलाई तक रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरी और गैर-जरूरी दुकानें भी शाम सात बजे तक खुली रह सकती हैं। जबकि पब्लिक पार्क, उद्यान को सुबह छह बजे से दिन के 12 बजे तक खोलने की इजाजत दी गई। शादी समारोह में अत्यधिक 25 लोगों के शामिल होने की अनुमति मिली। सीएम ने कहा कि राज्य में रात्रिकालीन कर्फ्यू रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा। 

राज्य में संक्रमण की संख्या में कमी
राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने 16 अगस्त के अपने एक ट्वीट में बताया कि राज्य में 15 अगस्त को कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही बिहार में संक्रमण की संख्या बढ़कर 212 हो गई। विभाग ने अपने ट्वीट में संक्रमण की जिलेवार संख्या बताया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!