मुंबई में नए साल के जश्न पर प्रशासन की कड़ी नजर, प्रतिबंधों के साए में मनेगा 'नया साल 2021' 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 28, 2020, 03:21 PM IST

पूरा देश में नये साल के जश्न पर कोरोना का साया रहेगा, खासतौर पर जहां कोरोना केस ज्यादा सामने आए हैं वहां तो ज्यादा ही सख्ती रहेगी, मुंबई पुलिस ने भी ऐसे नियमों से अवगत कराया है।

मुंबई में नए साल के जश्न पर प्रशासन की कड़ी नजर, प्रतिबंधों के साए में मनेगा 'नया साल 2021' 

2021 का स्वागत करने को लोग उत्सुक हैं और साल 2020  जाने वाला है लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए मुंबई में नए साल के कार्यक्रमों के लिए पुलिस और प्रशासन ने लोगों को सख्त हिदायतें दे दी हैं, ताकि लोग नए साल की मस्ती में नियमों का उल्लंघन ना करें। वैसे भी मुंबई में नाइट कर्फ्यू लगा है जिससे रात में तो वैसे भी आवाजाही पर पाबंदी है।

नए साल की पूर्व संध्या पर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए बीएमसी अपनी पैनी निगाह रखे हुए है, इस बारे में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री असलम शेख ने  कहा कि BMC और पुलिस को सतर्क रहने और नए साल की पूर्व संध्या पर कोविड-19 संबंधित नियमों और प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

गौरतलब है कि मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव समेत महानगर के कई इलाकों में लोग बड़ी संख्या में घरों से बाहर जश्न मनाते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो पाएगा।

गौरतलब है कि ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के नए प्रकार के बाद एक बार फिर दुनिया सतर्कता बरत रही है। भारत में भी इसे लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। 23 से 31 दिसंबर के बीच ब्रिटेन से भारत आने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के नगर निगम क्षेत्रों में 22 दिसंबर से पांच जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू की घोषणा की है। इसके अलावा यूरोपीय और मध्य पूर्व देशों से आने वाले यात्रियों के लिए 14 दिन का अनिवार्य संस्थागत क्वारंटीन होगा। इन यात्रियों का आरटी पीसीआर टेस्ट पांचवें या सातवें दिन किया जाएगा। वहीं सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगले छह महीने तक मास्क पहनना अनिवार्य है। इलाज से बेहतर बचाव है। कम से कम अगले छह महीने तक सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की आदत बना लेनी चाहिए।

नोएडा में भी जश्न पर लगीं पाबंदियां

गौतम बुद्ध नगर के पुलिस आयुक्त ने कहा कि नए साल के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में कोरोना वायरस के मद्देनजर 100 से ज्यादा लोगों को एकत्रित होने की मंजूरी नहीं होगी और कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी पहले से ही अनुमति लेनी होगी।उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि कोविड-19 के संक्रमण की वजह से लोग अपने घरों में रहकर नव वर्ष का स्वागत करें। नव वर्ष के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित करने वालों के लिए भी उन्होंने दिशानिर्देश जारी किए हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!