Mumbai : मास्क नहीं पहनने पर टोका तो दो लोगों ने एक्ट्रेस को दे दी धमकी, केस दर्ज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 21, 2020, 06:47 AM IST

मुंबई के अंधेरी में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन पर एक मराठी एक्ट्रेस को धमकी देने का आरोप है क्योंकि उसने उन दोनों को मार्केट में मास्क ना पहनने पर टोका था।

Mumbai : मास्क नहीं पहनने पर टोका तो दो लोगों ने एक्ट्रेस को दे दी धमकी, केस दर्ज
Photo Credit: Representative Image

मुंबई : मुंबई के अंधेरी इलाके में मराठी एक्ट्रेस मानसी नाइक ने एक सुपरमार्केट के बाहर दो लोगों को मास्क ना पहनने के लिए टोका था जिसके बाद उन दोनों ने उस एक्ट्रेस को धमकी देनी शुरू कर दी। मामला बुधवार का है। इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है।

दरअसल एक्ट्रेस ने उन्हें कोविड-19 से बचाव के लिए बनाए गए गाइडलाइन्स का पालन करने को कहा था जो उन्हें पसंद नहीं आई। साकीनाका पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि एक्ट्रेस और उसकी एक फ्रेंड डेढ़ बजे के करीब सुपरमार्केट के बाहर लाइन लगाकर खड़ी थीं।

उसी समय 28 वर्षीय मेहराज निसार आजमी और 20 वर्षीय सूर्या दुबे नाम के दो शख्स वहां पर आकर उनके बगल में खड़े हो गए। वे ना तो यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे थे और ना ही दोनों ने मास्क पहना हुआ था।

जब एक्ट्रेस और उसकी फ्रेंड ने उन दोनों को सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने को कहा कि उनके बीच झड़प हो गई। उन दोनों ने उसकी एक बात नहीं मानी और उल्टा उनके साथ बदतमीजी करने लगे और उन्हें धमकियां देने लगे। इसी दौरान नाइक ने पुलिस को मदद के लिए फोन कर दिया।

दोनों आरोपी सब्जी विक्रेता बताए जाते हैं। पुलिस की शिकायत के बाद उन दोनों को थाने ले जाया गया। बाद में उन्हें चोतावनी भरा नोटिस देकर छोड़ दिया गया। उनके खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!