पत्‍नी ने खाई दही तो आग-बबूला हो गया शख्‍स, पहले बोला- बिल्‍ली, फिर घोंपा चाकू, अब हुई सजा

मुंबई समाचार
Updated Feb 05, 2021 | 20:49 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai crime news: मुंबई में दही खाने पर पत्‍नी को बिल्‍ली बोलने और उसे चाकू मारने वाले शख्‍स को कोर्ट ने 8 साल कैद की सजा सुनाई है।

पत्‍नी ने खाई दही तो आग-बबूला हो गया शख्‍स, पहले बोला- बिल्‍ली, फिर घोंपा चाकू, अब हुई सजा (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)
पत्‍नी ने खाई दही तो आग-बबूला हो गया शख्‍स, पहले बोला- बिल्‍ली, फिर घोंपा चाकू, अब हुई सजा (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL

मुंबई : पत्‍नी दही लेकर घर आई। कुछ समय बाद उसने इसमें से कुछ दही खा ली। जाहिर तौर पर यह खाने की चीज थी और इसे खाना ही था, लेकिन यह बात उसके पति को नागवार गुजरी और ऐसा करने पर उसने पत्‍नी को 'बिल्‍ली' बोल दिया। पत्‍नी ने विरोध जताया तो बात तू-तू मैं-मैं तक जा पहुंची, लेकिन हद तब हो गई जब पति ने इसके लिए पत्‍नी को चाकू मार दिया। अब इस मामले में उसे 8 साल कैद की सजा सुनाई गई है।

यह मामला मुंबई का है और एक स्‍थानीय अदालत ने शख्‍स को हत्‍या के प्रयास का दोषी ठहराते हुए उसे सजा सुनाई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, जज ने अपने फैसले में कहा कि आरोपी के खिलाफ अपराध गंभीर किस्‍म का है। आरोपी के प्रति उदारता दिखाते हुए पीड़िता की तकलीफों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अभियुक्‍य एक बेहद छोटी सी बात पर पत्नी को चाकू घोंप दिया।

महिला के साथ अक्‍सर मारपीट करता था शख्‍स

अदालत ने अभियुक्‍त के इस दावे को खारिज कर दिया कि उसकी पत्‍नी बर्तन की रैक पर गलती से गिरकर घायल हो गई। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में पीड़िता की गवाही की तस्‍दीक चिकित्सा साक्ष्य और वे चश्मदीद भी करते हैं, जिन्‍होंने महिला को अस्‍पताल पहुंचाया था। वे चीख-पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे थे, जहां उन्‍होंने शख्‍स को अपनी पत्‍नी को पीटते देखा।

मुकदमे के दौरान नौ लोगों की गवाही हुई, जिनमें पीड़‍िता भी शामिल रही। महिला ने कोर्ट में यह भी कहा कि पति बेरोजगार था और अक्सर उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट करता था।

यह घटना 9 सितंबर, 2019 की है, जिस बारे में उसने बताया कि वह उस दिन अपनी मां के घर से लौटी थी और वहीं से साथ में दही लेकर आई थी। उसने बताया कि वह दही खा रही थी, जब उसके पति ने उसे टोक दिया और कहा, 'ऐसा लगता है कि बिल्ली ने दही खाई है।' इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जिसमें शख्‍स ने पत्‍नी को चाकू घोंप दिया।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर