मुंबई में मानसून की पहली बारिश का कहर, मलाड वेस्ट में 4 मंजिला इमारत गिरने से 11 की मौत, 7 घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 10, 2021, 01:31 PM IST

मुंबई में मानसून की पहली बारिश ने ही लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। बुधवार रात मलाड इलाके में एक चार मंजिला इमारत गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई जबकि कई घायल हैं।

मुंबई में मानसून की पहली बारिश का कहर, मलाड वेस्ट में 4 मंजिला इमारत गिरने से 11 की मौत, 7 घायल

मुंबई: मुंबई में मानसून की पहली बारिश के साथ ही यहां रहने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़नी शुरू हो गई हैं। बुधवार रात मलाड वेस्ट के मालवानी इलाके मेंएक चार मंजिला इमारत बुधवार ढहने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि बिल्डिंग के मलबे से 7 घायलों को बाहर निकाला गया जिनकी हालत गंभीर हैं और उन्हें निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा बुधवार रात करीब 11.10 बजे हुआ। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अस्पताल जाकर घायलों से मिले और उनका हालचाल जाना।

बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

 अभी भी बचाव और राहत का कार्य जारी है तथा मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। जोन 11 मुंबई के डीसीपी विशाल ठाकुर ने बताया, 'महिलाओं और बच्चों सहित 15 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है। लोगों को बचाने के लिए टीमें यहां मौजूद हैं।'

महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'बारिश के कारण इमारतें गिर गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इमारत के मलबे को यह देखने के लिए हटाया जा रहा है कि कहीं और लोग इसके नीचे तो नहीं फंसे हैं।'

चश्मदीदों की जुबानी
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए एक स्थानीय नागरिक शाहनवाज खान ने बताया, 'यह 4 मंजिला इमारत थी जिसमें कम से कम 7 लोग रहते थे। उनमें से 5 को अब तक बचा लिया गया है। इसके विपरीत दो और इमारतों को ध्वस्त कर दिया गया। वहां से 2 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। हमने पुलिस को कॉल किया और फायर ब्रिगेड के आने के बाद बचाव अभियान शुरु हुआ।' दरअसल बुधवार को मुंबई में भारी बारिश हुई थी जिसके बाद जलभराव हुआ तो इसका असर इमारत पर भी हुआ।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!