आज 13 तारीख का शुक्रवार शुभ नहीं है क्या, क्यों लोग डरते हैं इस डेट से, जानें आज का दिन सच में अनलकी है क्या
- Authored by: मेधा चावला
- Updated Feb 13, 2026, 06:19 AM IST
Aaj kya Tarikh Hai (Today 13th February 2026 Friday): आज का कैलेंडर देखा! आज 13 तारीख का शुक्रवार है। साल 2026 का पहला ऐसा मौका है जब शुक्रवार के दिन 13 तारीख पड़ी हो। भारत में तो इतना नहीं लेकिन पश्चिमी देशों में इस दिन और तारीख के इस मेल को शुभ नहीं माना जाता। लेकिन क्या सच में ऐसा है। जानते हैं - इसी बारे में।
आज 13 तारीख का शुक्रवार शुभ नहीं है क्या
Aaj kya Tarikh Hai (Today 13th February 2026 Friday): आज 13 फरवरी 2026 है और कैलेंडर देख कर कई लोगों के मन में एक सवाल जरूर आया होगा - आज शुक्रवार है और तारीख 13… कहीं ये वही 'फ्राइडे द 13th' तो नहीं, जिसे दुनिया भर में अनलकी माना जाता है। फिल्मों और कहानियों में इस तारीख को लेकर इतना डर दिखाया गया है कि कई लोग आज भी इस दिन कोई नया काम शुरू करने से बचते हैं। लेकिन क्या सच में 13 तारीख का शुक्रवार अशुभ होता है? आइए समझते हैं।
Friday the 13th का डर कहां से आया
पश्चिमी देशों में Friday the 13th नाम की हॉरर फिल्म सीरीज ने इस तारीख को और ज्यादा डरावना बना दिया। हालांकि वहां इस अंधविश्वास की जड़ें इससे भी पुरानी मानी जाती हैं। माना जाता है कि ईसाई मान्यता के अनुसार Jesus Christ के अंतिम भोज (Last Supper) में 13 लोग मौजूद थे और उसके बाद उन्हें शुक्रवार के दिन सूली पर चढ़ाया गया। यही कारण है कि 13 संख्या और शुक्रवार - दोनों को अलग-अलग ही अशुभ माना जाने लगा, और जब ये साथ आए तो डर और गहरा हो गया।
कुछ इतिहासकार 1307 में फ्रांस के शूरवीरों की गिरफ्तारी की घटना को भी इससे जोड़ते हैं, जो एक शुक्रवार और 13 तारीख को हुई थी। धीरे-धीरे यह मान्यता लोककथाओं और पॉप कल्चर का हिस्सा बन गई।
क्या सच में 13 अंक अशुभ है
दिलचस्प बात यह है कि हर संस्कृति में 13 को बुरा नहीं माना जाता। भारत में कई लोग 13 को सामान्य संख्या की तरह देखते हैं। हमारे यहां ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं में 13 का अलग महत्व भी है - जैसे तेरहवीं संस्कार। वहीं पश्चिमी देशों में कुछ होटल और इमारतों में 13वीं मंजिल तक नहीं लिखी जाती। इसे ट्रिस्काइडेकाफोबिया कहा जाता है - यानी 13 अंक का डर।
लेकिन वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो 13 बस एक संख्या है। इसमें अपने आप में कोई अशुभता नहीं होती। डर अक्सर हमारे मन की बनावट और सुनी-सुनाई बातों से पैदा होता है।
2026 में 13 तारीख के कितने शुक्रवार हैं
2026 में तीन Friday the 13th होंगे। ये 13 फरवरी, 13 मार्च और 13 नवंबर को पड़ेंगे।
क्या 13 तारीख का शुक्रवार शुभ नहीं होता
कई रिसर्च में यह पाया गया कि Friday the 13th को दुर्घटनाएं या बुरी घटनाएं सामान्य दिनों से ज्यादा नहीं होतीं। बल्कि कुछ जगहों पर तो इस दिन ट्रैफिक कम रहता है, क्योंकि लोग घर से कम निकलते हैं। यानी डर की वजह से सावधानी बढ़ जाती है और नुकसान कम हो सकता है। असल में हमारा दिमाग नकारात्मक घटनाओं को ज्यादा याद रखता है। अगर किसी के साथ इस दिन कुछ बुरा हो जाए तो वह इसे तारीख से जोड़ लेता है, लेकिन अच्छे अनुभवों को नजरअंदाज कर देता है। यही 'कन्फर्मेशन बायस' है।
आज 13 फरवरी 2026 शुक्रवार का दिन कैसा है
अगर हम 13 फरवरी 2026 की बात करें, तो यह बस एक सामान्य शुक्रवार है। प्यार के महीने में यह तारीख 'किस डे'के रूप में भी जानी जाती है। यानी दुनिया के एक हिस्से में जहां लोग डर की बात करते हैं, वहीं दूसरे हिस्से में लोग इसे प्यार और रिश्तों के जश्न के रूप में मना रहे होते हैं।
दिन की किस्मत हमारे काम, सोच और व्यवहार से बनती है। अगर हम डर के साथ दिन की शुरुआत करेंगे तो हर छोटी बात भी बड़ी लगेगी। लेकिन अगर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे तो यही तारीख खुशियों की वजह भी बन सकती है।
13 फरवरी 2026 शुक्रवार कर डर : अंधविश्वास या मन का खेल?
सच यह है कि Friday the 13th- एक सांस्कृतिक मिथक ज्यादा है, हकीकत कम। कोई भी तारीख अपने आप में न तो शुभ होती है, न अशुभ। हमारी सोच, हमारा आत्मविश्वास और हमारे फैसले ही दिन को अच्छा या बुरा बनाते हैं।
तो अगर आज 13 तारीख का शुक्रवार है, तो डरने की नहीं - मुस्कुराने की जरूरत है। क्योंकि आखिर कैलेंडर की एक तारीख हमारी किस्मत कैसे तय कर सकती है!
