Psychology of Lucky People: हमारे आसपास ऐसे कुछ लोग जरूर होते हैं जिन्हें देखकर लगता है कि किस्मत हमेशा उनका साथ देती है? उन्हें सही समय पर नौकरी मिल जाती है, अच्छे लोग मिल जाते हैं और नए मौके भी जैसे खुद-ब-खुद उनके पास चले आते हैं। वहीं कुछ लोग शिकायत करते रहते हैं कि किस्मत कभी उनका साथ नहीं देती।
मनोविज्ञान कहता है कि हर बार ये सब महज किस्मत का खेल नहीं होता। कई बार हमारी सोच और व्यवहार ही यह तय करते हैं कि हम अवसरों को पहचान पाएंगे या नहीं। मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, जो लोग खुद को 'लकी' मानते हैं, उनमें कुछ खास जरूर होता है। आइए जानें क्या होती है ये खास बात।
'लकी' लोग मौके तलाशते नहीं, उन्हें पहचान लेते हैं
बहुत से मनोवैज्ञानिकों ने कई ऐसे लोगों पर रिसर्च की है, जो खुद को बहुत भाग्यशाली या बहुत बदकिस्मत मानते थे। उन्होंने पाया कि भाग्यशाली माने जाने वाले लोग अपने आसपास की हर छोटी-छोटी संभावनाओं पर भी ध्यान देते हैं।
वे नए लोगों से बातचीत करने में झिझकते नहीं, अलग रास्ता अपनाने से डरते नहीं और नई चीजें आजमाने के लिए तैयार रहते हैं। यही आदत उन्हें ऐसे अवसरों तक पहुंचा देती है, जिन्हें दूसरे लोग नजरंदाज कर देते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वक्त का इतना पाबंद क्यों है जापान
जो लोग हमेशा एक जैसी दिनचर्या में बंधे रहते हैं, उनके सामने नए अवसर कम आते हैं। इसके उलट, खुले विचारों वाले लोग नई जगहों पर जाते हैं, नए लोगों से मिलते हैं और अलग-अलग अनुभव जुटाते हैं। मनोवैज्ञानिक इसे अवसरों का दायरा बढ़ाना मानते हैं। जितने ज्यादा अनुभव, उतनी ज्यादा संभावनाएं। यही कारण है कि ऐसे लोग दूसरों की तुलना में ज्यादा 'लकी' दिखाई देते हैं।
सकारात्मक सोच
ऐसा नहीं है कि सकारात्मक सोच से जादू हो जाता है। लेकिन आशावादी लोग असफलताओं से जल्दी उबरते हैं और अगली कोशिश करने से पीछे नहीं हटते। अगर एक मौका हाथ से निकल भी जाए, तो वे उसे अंत नहीं मानते। यही रवैया उन्हें आगे आने वाले अवसरों के लिए तैयार रखता है। दूसरी ओर, जो लोग पहले से ही मान लेते हैं कि उनके साथ कुछ अच्छा नहीं होगा, वे कई बार सामने मौजूद मौके भी गंवा देते हैं।
क्या किस्मत बदली जा सकती है?
मनोविज्ञान का जवाब है - कुछ हद तक हां। किस्मत को पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सकता, लेकिन अपने व्यवहार और नजरिए में बदलाव जरूर किया जा सकता है। अगर आप नए लोगों से मिलने, नई चीजें सीखने, असफलताओं से सबक लेने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की आदत डालते हैं, तो आपके सामने अवसरों की संख्या बढ़ सकती है। शायद इससे आप अपनी किस्मत बदल पाएं।
