लाइफस्टाइल

पान के पत्ते से नया पौधा कैसे लगाएं, क्या डालने से जल्दी बढ़ता है पान का पौधा

Betel leaf plant care: गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के अनुसार पान का पौधा घर में आसानी से लगाया जा सकता है। यह एक बेल वाला पौधा होता है, जिसे गर्म और हल्का नम वातावरण पसंद होता है।

Image

घर पर कैसे उगाएं पान का पौधा

Betel leaf plant care tips: पान का पत्ता भारतीय संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा माना जाता है। पूजा-पाठ से लेकर मेहमाननवाजी तक, इसका इस्तेमाल कई खास मौकों पर किया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस पान के पत्ते को हम बाजार से खरीदते हैं, उसे घर पर भी उगाया जा सकता है? अच्छी बात यह है कि थोड़ी सही देखभाल और सही तरीका अपनाकर आप अपने घर में आसानी से पान का पौधा लगा सकते हैं।

क्या घर में लगाया जा सकता है पान का पौधा?

गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के अनुसार पान का पौधा घर में आसानी से लगाया जा सकता है। यह एक बेल वाला पौधा होता है, जिसे गर्म और हल्का नम वातावरण पसंद होता है। अगर इसे सही धूप, नमी और सहारा मिले, तो यह तेजी से बढ़ता है और हरे-भरे पत्तों से भर जाता है। पान का पौधा घर की बालकनी, टैरेस या आंगन में गमले में भी लगाया जा सकता है। हालांकि इसे बहुत तेज धूप में रखने से बचाना चाहिए।

पान के पत्ते से कैसे उगाएं नया पौधा?

पान का पौधा बीज से कम और कटिंग से ज्यादा आसानी से तैयार होता है। इसके लिए सबसे पहले एक ताजा और स्वस्थ पान की बेल की डंडी लें, जिसमें 2 से 3 गांठें मौजूद हों।

अब एक गमले में नरम और अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी भरें। मिट्टी में थोड़ी गोबर की खाद या ऑर्गेनिक कम्पोस्ट मिलाना फायदेमंद माना जाता है। इसके बाद डंडी को मिट्टी में हल्का दबाकर लगा दें और पानी छिड़क दें। कुछ दिनों तक मिट्टी में नमी बनाए रखें। लगभग 2 से 3 हफ्तों में नई पत्तियां निकलने लगती हैं।

पान के पौधे की देखभाल कैसे करें?

पान का पौधा हल्की धूप और नमी पसंद करता है। इसे ऐसी जगह रखें जहां सीधी तेज धूप ना आए। सुबह की हल्की धूप इसके लिए बेहतर मानी जाती है। गर्मी के मौसम में मिट्टी को सूखने ना दें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी भी ना डालें। ज्यादा पानी से जड़ें खराब हो सकती हैं। चूंकि यह बेल वाला पौधा है, इसलिए इसे किसी डंडी, रस्सी या जाली का सहारा देना जरूरी होता है ताकि यह ऊपर की ओर बढ़ सके।

पाने के पौधे में ग्रोथ के लिए क्या डालें

पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए कुछ पोषक तत्व भी जरूरी होते हैं। इसके लिए एप्सम सॉल्ट, ह्यूमिक एसिड और सीवीड एक्सट्रैक्ट का स्प्रे पौधे के लिए टॉनिक की तरह काम करता है। एप्सम सॉल्ट में मौजूद मैग्नीशियम पत्तियों को हरा और स्वस्थ बनाता है, जबकि ह्यूमिक एसिड मिट्टी की गुणवत्ता सुधारता है और पौधे की जड़ों को पोषण पहुंचाने में मदद करता है।

घर में पान का पौधा लगाने के फायदे

पान का पौधा घर की हरियाली बढ़ाने के साथ वातावरण को भी ताजगी देता है। कई लोग इसे शुभ और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी मानते हैं। अगर आप गार्डनिंग का शौक रखते हैं और घर में कुछ अलग उगाना चाहते हैं, तो पान का पौधा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। थोड़ी देखभाल के साथ यह आपके घर की खूबसूरती और हरियाली दोनों बढ़ा सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंह author

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे ... और देखें

End of Article