Money plant Care Tips: मनी प्लांट ऐसा पौधा है जो बागवानी के शौकीन ज्यादातर भारतीय घरों में जरूर मिल जाएगा। मनी प्लांट ना सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाता है बल्कि ये सकारात्मकता का भी स्रोत माना जाता जाता है। हालांकि बहुत से लोगों की शिकायत होती है कि उनका मनी प्लांट बार-बार सूख जाता है। अगर आप भी 45-47 डिग्री की इस भयानक गर्मी में अपने मनी प्लांट को हराभरा रखना चाहते हैं तो हम यहां आपके लिए गार्डनिंग एक्सपर्ट्स से कुछ टिप्स लाए हैं:
मनी प्लांट की ग्रोथ रुक गई है, क्या करें?
अगर मनी प्लांट की ग्रोथ रुक गई है, तो सबसे पहले उसकी धूप, पानी और मिट्टी की जांच करें। बहुत ज्यादा या बहुत कम पानी इसकी बढ़त रोक सकता है। मनी प्लांट को तेज धूप से बचाएं। हर 15 दिन में मिट्टी को भुरभुरा करें और सूखी पत्तियां हटा दें। समय-समय पर पानी बदलना और पौधे की कटिंग करना भी ग्रोथ बढ़ाने में मदद करता है।
मनी प्लांट के लिए कौन सा उर्वरक सबसे अच्छा है?
मनी प्लांट के लिए जैविक खाद सबसे अच्छी मानी जाती है। गोबर की खाद, वर्मीकंपोस्ट और सरसों खली का पानी इसकी ग्रोथ बढ़ाने में मदद करते हैं। इसके अलावा केले के छिलकों से बनी खाद भी पौधे को जरूरी पोटैशियम देती है। हर महीने थोड़ी मात्रा में लिक्विड फर्टिलाइजर डालने से पत्तियां हरी और चमकदार बनी रहती हैं।
मनी प्लांट को घना करने के लिए क्या डालें?
मनी प्लांट को घना बनाने के लिए समय-समय पर उसकी कटिंग करना जरूरी है। इसके साथ ही मिट्टी में वर्मीकंपोस्ट, चायपत्ती की खाद और केले के छिलकों का पाउडर डाल सकते हैं। एप्सम सॉल्ट की थोड़ी मात्रा भी पौधे की पत्तियों को हरा और स्वस्थ रखने में मदद करती है। पौधे को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप और अच्छी हवा मिलती रहे।
Read Also: घर से कॉकरोच को खदेड़ देंगे ये 7 पौधे
मनी प्लांट में नमक डालने से क्या होता है?
मनी प्लांट में ज्यादा नमक डालना नुकसानदायक हो सकता है। नमक मिट्टी की नमी और पोषक तत्वों का संतुलन बिगाड़ देता है, जिससे पौधे की जड़ें कमजोर होने लगती हैं। इसके कारण पत्तियां पीली पड़ सकती हैं और ग्रोथ रुक सकती है। हालांकि कुछ लोग बहुत कम मात्रा में एप्सम सॉल्ट का इस्तेमाल करते हैं, जो मैग्नीशियम का स्रोत होता है। लेकिन साधारण खाने वाला नमक मनी प्लांट के लिए सही नहीं माना जाता।
मनी प्लांट के लिए घर पर खाद कैसे बनाएं?
मनी प्लांट के लिए घर पर आसानी से जैविक खाद बनाई जा सकती है। केले के छिलके, चायपत्ती, सब्जियों के छिलके और अंडे के छिलकों को सुखाकर मिट्टी में मिलाया जा सकता है। आप केले के छिलकों को पानी में भिगोकर उसका लिक्विड फर्टिलाइजर भी बना सकते हैं। यह पौधे को पोटैशियम और अन्य पोषक तत्व देता है।
