Lemon Storage Tips Hindi: नींबू भारतीय रसोई का ऐसा हिस्सा है, जो लगभग हर दिन किसी न किसी रूप में इस्तेमाल होता ही है। कभी सलाद में, कभी शिकंजी में, तो कभी दाल और सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए। लेकिन अक्सर लोग एक बात को लेकर कन्फ्यूज रहते हैं कि आखिर नींबू को फ्रिज में रखना चाहिए या बाहर। कई बार बाहर रखा नींबू जल्दी सूख जाता है, तो कभी फ्रिज में रखने पर उसका स्वाद बदलने लगता है। ऐसे में सही तरीका जानना जरूरी हो जाता है, ताकि नींबू लंबे समय तक ताजा भी रहे और उसका रस भी बना रहे।
फ्रिज में नींबू रखने से क्या फायदा होता है
अगर नींबू को सही तरीके से फ्रिज में रखा जाए, तो यह काफी लंबे समय तक ताजा रह सकता है। खासतौर पर जब नींबू ज्यादा मात्रा में खरीदे गए हों, तब फ्रिज सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है। ठंडी जगह पर रखने से नींबू की नमी बनी रहती है और वह जल्दी सूखता नहीं है। इसके अलावा इसका रस भी लंबे समय तक सुरक्षित रहता है।
फ्रिज में नींबू रखने का सही तरीका क्या है
किचन एक्स्पर्ट बताते हैं कि पूरे नींबू को एयरटाइट कंटेनर या जिप लॉक बैग में रखकर ही फ्रिज में स्टोर करें। इस तरह फ्रिज में नींबू रखने से यह दो से चार हफ्ते तक फ्रेश रह सकता है। वहीं फ्रिज में अगर आप बिना ढके नींबू को रखते हैं तो इससे नींबू की ऊपरी सतह सूख सकती है।
क्या गर्मी के मौसम में नींबू को फ्रिज में रखना सही है
नींबू को स्टोर करने का तरीका काफी हद तक मौसम पर निर्भर करता है। गर्मियों में बाहर का तापमान ज्यादा होने की वजह से नींबू जल्दी नरम पड़ सकता है या सिकुड़ने लगता है। ऐसे मौसम में इसे फ्रिज में रखना बेहतर माना जाता है। वहीं सर्दियों में अगर घर का तापमान सामान्य है और नींबू जल्दी इस्तेमाल होने वाला है, तो इसे बाहर भी रखा जा सकता है।
क्या नॉर्मल तापमान पर नींबू रखने से ज्यादा रस मिलता है
कई लोग मानते हैं कि कमरे के तापमान पर रखा नींबू ज्यादा आसानी से निचोड़ा जा सकता है। यह बात काफी हद तक सही भी है। फ्रिज में रखा नींबू थोड़ा सख्त हो जाता है, जबकि बाहर रखा नींबू नरम रहता है और उससे ज्यादा रस निकल सकता है।
अगर आप रोजाना नींबू का इस्तेमाल करते हैं, तो जरूरत भर के नींबू बाहर रखें और बाकी फ्रिज में स्टोर कर दें। इससे दोनों फायदे मिल सकते हैं।
नींबू स्टोर करते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर नींबू धोकर रख रहे हैं, तो पहले उन्हें अच्छी तरह सुखा लें। गीले नींबू सीधे फ्रिज में रखने से उनमें जल्दी फफूंदी लग सकती है। और ये गलकर खराब हो सकते हैं। साथ ही नींबू को सीधे धूप वाली जगह पर भी ना स्टोर करें। बहुत ज्यादा गर्म जगह पर रखने से भी नींबू जल्दी खराब हो जाते हैं। साथ ही नींबू को हमेशा सूखी जगह पर रखें।
ध्यान रखें कि सही तरीके से स्टोर किया गया नींबू न सिर्फ लंबे समय तक चलता है, बल्कि उसका स्वाद, खुशबू और ताजगी भी बनी रहती है। इसलिए अगली बार नींबू खरीदने के बाद उसे बस यूं ही टोकरी में छोड़ने से पहले थोड़ा ध्यान जरूर दें।
