Mutani Mitti for hair: बालों में मुल्तानी मिट्टी लगाना कोई नई बात नहीं है। दादी-नानी के जमाने से ही लोग ऐसा करते आ रहे हैं। माना जाता है कि इससे स्कैल्प की सफाई होती है और बालों की चमक बढ़ती है। खासतौर पर ऑयली स्कैल्प वालों को ये काफी फायदा पहुंचाता है। दरअसल मुल्तानी मिट्टी में एक्स्ट्रा ऑयल और गंदगी को सोखने की क्षमता होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मुल्तानी मिट्टी हर तरह के बालों के लिए फायदेमंद नहीं होती?
किन लोगों को अपने बाल में नहीं लगानी चाहिए मुल्तानी मिट्टी (Photo: iStock)
विशेषज्ञों के मुताबिक, गलत हेयर टाइप पर मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल फायदे की बजाय नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए ये जानना जरूरी है कि किन लोगों को बालों में मुल्तानी मिट्टी लगाने से बचना चाहिए:
बहुत ज्यादा ड्राई बाल वाले लोग
अगर आपके बाल पहले से ही रूखे और बेजान हैं, तो मुल्तानी मिट्टी लगाने से स्थिति और बिगड़ सकती है। इसकी ऑयल सोखने की क्षमता बालों की प्राकृतिक नमी को कम कर सकती है, जिससे बाल और ज्यादा सूखे, उलझे और कमजोर हो सकते हैं।
घुंघराले और फ्रिजी बाल वाले लोग
कर्ली और फ्रिजी बालों को सामान्य बालों की तुलना में ज्यादा नमी की जरूरत होती है। ऐसे बालों में मुल्तानी मिट्टी का अधिक इस्तेमाल नमी को कम कर सकता है, जिससे बाल टूटने और उलझने की समस्या बढ़ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्यों जरूरी है स्किन बैरियर को मजबूत बनाए रखना
केमिकल ट्रीटमेंट करवा चुके लोग
अगर आपने बालों पर हेयर कलर, स्मूदनिंग, स्ट्रेटनिंग या कोई अन्य केमिकल ट्रीटमेंट करवाया है, तो मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। केमिकल प्रक्रियाओं के बाद बाल पहले से ही संवेदनशील हो जाते हैं और मुल्तानी मिट्टी उन्हें और ज्यादा ड्राई बना सकती है।
स्कैल्प संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोग
अगर आपको सोरायसिस, अत्यधिक संवेदनशील स्कैल्प, खुजली या किसी अन्य स्कैल्प कंडीशन की समस्या है, तो बिना विशेषज्ञ की सलाह के मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इसकी गहरी सफाई करने वाली प्रकृति कुछ लोगों में जलन और रूखेपन को बढ़ा सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: एक ही परफ्यूम हर किसी पर अलग खुशबू क्यों देता है?
फिर किन लोगों के लिए फायदेमंद है मुल्तानी मिट्टी?
ऑयली स्कैल्प वाले लोगों के लिए मुल्तानी मिट्टी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। यह अतिरिक्त तेल, धूल और उत्पादों के अवशेषों को हटाकर स्कैल्प को साफ करने में मदद करती है। हालांकि, इसे भी सप्ताह में एक बार से ज्यादा इस्तेमाल न करने की सलाह दी जाती है।
मुल्तानी मिट्टी लगाएं तो रखें ये सावधानी
अगर आप मुल्तानी मिट्टी लगाना चाहते हैं, तो इसे केवल पानी में घोलकर लगाने के बजाय एलोवेरा जेल या किसी मॉइस्चराइजिंग सामग्री के साथ मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही, इसे पूरी तरह सूखने तक बालों में न छोड़ें। लगभग 15-20 मिनट बाद, जब यह हल्की नम अवस्था में हो, तभी धो लें। इसके बाद माइल्ड कंडीशनर का इस्तेमाल करना भी बेहतर रहता है।
