How to make crispy fries at home: बाहर किसी कैफे या रेस्टोरेंट में मिलने वाले फ्रेंच फ्राइज का टेस्ट और क्रिस्पिनेस हर किसी को पसंद आता है। लेकिन जब वही फ्राइज हम घर पर बनाते हैं तो वो स्वाद भले मिल जाए लेकिन क्रिस्पिनेस गायब रहती है। लोगों की शिकायत रहती है कि आखिर घर पर बाजार जैसे क्रिस्पी फ्राइज क्यों नहीं बन पाते। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो समझ लीजिए कि गलती आलू में नहीं, बनाने के तरीके में है। कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप भी घर पर बिल्कुल बाजार जैसे फ्रेंच फ्राइज तैयार कर सकते हैं।
अब घर पर भी बनेंगे क्रिस्पी और टेस्टी फ्राइज (Photo: iSTock)
सही आलू चुनें
फ्रेंच फ्राइज के लिए ऐसे आलू चुनें जिनमें स्टार्च ज्यादा और पानी कम हो। बड़े आकार के आलू बेहतर रहते हैं क्योंकि उनसे लंबे और समान आकार के फ्राइज बनते हैं।
काटने के बाद ठंडे पानी में भिगोएं
फ्राइज काटने के बाद उन्हें कम से कम 30 मिनट तक ठंडे पानी में भिगोकर रखें। इससे एक्स्ट्रा स्टार्च निकल जाता है और तलने के बाद फ्राइज आपस में चिपकते नहीं। अगर समय हो तो एक-दो घंटे तक भिगोना और भी बेहतर माना जाता है।
भिगोने के बाद सुखा भी लें
पानी से निकालने के बाद आलू को किचन टॉवल या कपड़े से पूरी तरह सुखा लें। अगर उनमें नमी रह गई तो तेल में डालते ही वे क्रिस्पी होने की बजाय भाप से नरम पड़ सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बिना चावल के इडली कैसे बनाएं
डबल फ्राई की ट्रिक
रेस्टोरेंट वाले फ्राइज को एक बार नहीं, बल्कि दो बार तलते हैं। पहली बार मध्यम तापमान पर 4-5 मिनट तक तलकर निकाल लें और ठंडा होने दें। फिर तेज गर्म तेल में दोबारा 2-3 मिनट तक फ्राई करें। यही तरीका बाहर जैसे सुनहरे और कुरकुरे फ्राइज का सबसे बड़ा राज है।
कॉर्नफ्लोर की कोटिंग करें
अगर और ज्यादा क्रंच चाहिए तो सूखे आलू पर एक चम्मच कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा हल्के हाथ से मिलाकर फ्राई करें। इससे बाहरी परत और भी ज्यादा कुरकुरी बनती है।
तेल का तापमान मेंटेन रखें
बहुत ठंडे तेल में फ्राइज ज्यादा तेल सोख लेते हैं और बहुत गर्म तेल में बाहर से जलकर अंदर से कच्चे रह सकते हैं। इसलिए तेल को मध्यम से तेज तापमान पर गर्म करें और एक साथ बहुत ज्यादा फ्राइज न डालें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: असली मारवाड़ी थाली में क्या क्या होता है
सबसे अंत में डालें नमक
कई लोग शुरुआत में ही नमक डाल देते हैं, जिससे फ्राइज नमी छोड़ने लगते हैं। बेहतर है कि तलने के बाद तुरंत नमक और अपनी पसंद के मसाले छिड़कें।
आप भी ऊपर बताई इन बातों का ध्यान रखेंगे तो हर बार आपकी प्लेट में बाहर जैसे गोल्डन, कुरकुरे और स्वादिष्ट फ्रेंच फ्राइज नजर आएंगे।
