लाइफस्टाइल

क्या मशरूम को कपड़े से साफ कर सकते हैं, मशरूम साफ करने का सबसे अच्छा तरीका कौन सा है

Mushroom Cleaning Tips: क्या आप भी मशरूम की सफाई के लिए पानी का इस्तेमाल करते हैं? यदि हां तो आज हम आपको आसान लेकिन असरदार ट्रिक्स बताएंगे, जो मशरूम सफाई में आपके काम आ सकते हैं।

Image

मशरूम की सफाई कैसे करें

Mushroom Cleaning Tips: मशरूम आजकल हर किचन की पसंद बन चुका है। पिज्जा, पास्ता, सूप, सलाद या इंडियन सब्जी हर डिश में इसका अलग स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। लेकिन जितना जरूरी इसे सही तरीके से पकाना है, उतना ही जरूरी है इसे सही तरीके से साफ करना भी है। अक्सर लोग बाजार से लाए गए मशरूम को साफ करने के लिए सीधे पानी से धो देते हैं, जबकि यही गलती उसके स्वाद और टेक्सचर को खराब कर सकती है।

आपको बता दें कि मशरूम की सतह स्पंज की तरह सॉफ्ट होती है, जो पानी को बहुत जल्दी सोख लेती है। ऐसे में ज्यादा पानी लगने पर यह पकने के बाद रबड़ जैसा फील हो सकता है और उसका नेचुरल फ्लेवर भी कम हो जाता है। अगर आप चाहते हैं कि मशरूम ताजा और स्वादिष्ट बना रहे, तो इसकी सफाई के कुछ टिप्स आपके काम आ सकते हैं। आइए जानते हैं मशरूम की सफाई के उपाय।

मशरूम की सफाई के आसान उपाय - How To Clean Mushrooms

सूखे आटे से साफ करें

मशरूम साफ करने का यह तरीका काफी आसान और कारगर माना जाता है। सबसे पहले मशरूम को एक बाउल में रखें और ऊपर से थोड़ा सूखा गेहूं का आटा छिड़क दें। अब हल्के हाथों से इन्हें रगड़ें। सूखा आटा मशरूम पर लगी मिट्टी, नमी और काले धब्बों को साफ करने में मदद करता है। इसके बाद मशरूम को जल्दी से हल्के पानी से धो लें और तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ दें। इससे मशरूम ज्यादा पानी नहीं सोखता और उसका टेक्सचर भी अच्छा बना रहता है।

गीले कपड़े से साफ करें

अगर मशरूम पर ज्यादा गंदगी नहीं है, तो यह सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है। इसके लिए एक साफ किचन टॉवल या मुलायम कपड़ा लें और उसे हल्का गीला कर लें। अब हर मशरूम को धीरे-धीरे साफ करें। इससे ऊपर जमी धूल और मिट्टी आसानी से हट जाएगी, बिना उन्हें पानी में भिगोए। यह तरीका मशरूम का नेचुरल स्वाद और ताजगी बनाए रखने में मदद करता है।

नमक के पानी से सफाई

जब मशरूम पर ज्यादा गंदगी जमा हो तब नमक वाले गुनगुने पानी से सफाई का यह तरीका कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा नमक मिला दें। अब मशरूम को इसमें केवल 20 से 30 सेकंड तक रखें। ध्यान रखें कि ज्यादा देर तक पानी में छोड़ने से मशरूम नरम हो सकते हैं। इसके बाद इन्हें निकालकर साफ पानी से धो लें और सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें।

ध्यान रखें ये बात

मशरूम को लंबे समय तक पानी में भिगोकर न रखें। मशरूम की सफाई के बाद उन्हें तुरंत सुखाना जरूरी होता है। इसके अलावा मशरूम के इस्तेमाल से पहले मशरूम को साफ करें और अगर स्टोर करना हो तो अच्छी तरह सुखाने के बाद ही फ्रिज में रखें।

यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article