Homemade ORS Drink: गर्मी का मौसम आते ही शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना, थकान और कमजोरी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। खासकर जब तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाए, तब शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी मिनरल्स तेजी से बाहर निकलते हैं। ऐसे में सिर्फ पानी पीना काफी नहीं होता, बल्कि शरीर को इलेक्ट्रोलाइट्स की भी जरूरत होती है। यही कारण है कि डॉक्टर अक्सर ORS पीने की सलाह देते हैं। लेकिन हर बार बाजार से ORS खरीदना जरूरी नहीं है। आपके किचन में मौजूद सिर्फ 3 चीजों से आप घर पर ही देसी ORS तैयार (Desi ORS Recipe) कर सकते हैं, जो शरीर को तुरंत एनर्जी देने के साथ डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। आइए जानते हैं घर में ORS तैयार करने की विधि।
क्यों जरूरी है ORS
ORS यानी Oral Rehydration Solution शरीर में पानी और नमक का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। आजकल तेज धूप, लू या ज्यादा पसीना आने पर शरीर अक्सर कमजोरी महसूस करने लगता है। ऐसे में ORS शरीर को तुरंत हाइड्रेट करने का काम करता है और शरीर में जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करता है। अगर समय रहते शरीर को पर्याप्त पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स न मिलें तो हीट एक्सॉशन और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं।
घर में कैसे बनाएं देसी ORS
देसी ORS बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। बस ये 3 घर की चीजें आपको देसी ORS बनाने में मदद कर सकती है। इतना ही ये चीजें लगभग हर घर में आसानी से मिल जाती हैं।
सामग्री
पानी
चीनी
नमक
बनाने का तरीका
एक साफ बर्तन में पानी लें। अब उसमें चीनी और नमक डालकर अच्छी तरह घोल लें। इसके बाद इसमें नींबू भी निचोड़ दें। ध्यान रखें कि नमक ज्यादा न हो, वरना स्वाद बिगड़ सकता है और शरीर पर उल्टा असर पड़ सकता है। तो इस तरह आपका घर का बना देसी ORS तैयार है। इसे थोड़ी-थोड़ी मात्रा में दिनभर पी सकते हैं।
1 लीटर ORS बनाने के लिए सामग्री
1 लीटर देसी ORS बनाने के लिए आपको सिर्फ 3 चीजों की जरूरत होती है। सबसे पहले 1 लीटर साफ और उबला हुआ ठंडा पानी लें। इसमें 6 छोटी चम्मच चीनी और आधा छोटी चम्मच नमक मिलाएं। अब इसे अच्छी तरह घोल लें, ताकि चीनी और नमक पूरी तरह पानी में घुल जाएं। इसके बाद आपको 1-2 नींबू का रस भी इसमें मिक्स कर सकते हैं। इस तरह आपका घर का बना ORS तैयार है। जिसे आप पूरे दिन पीने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
