Heatwave Plants Care Tips: गर्मियों का मौसम आते ही इंसानों के साथ-साथ पौधों की भी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। खासकर जब तापमान लगातार 45 डिग्री के आसपास पहुंचे और हीटवेव चलने लगे, तब घर की बालकनी, छत या गार्डन में लगे पौधे तेजी से सूखने लगते हैं। इस इस मौसम में पौधों की पत्तियां पीली पड़ना, मिट्टी का जल्दी सूख जाना और फूलों का मुरझाना इस बात का संकेत है कि पौधे गर्मी से परेशान हैं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से आप अपने पौधों को तेज धूप और लू से बचा सकते हैं। आइए जानते हैं कुछ खास टिप्स (Summer Gardening Tips) जो गर्मी से आपको पौधों को बचा सकते हैं।
तय करें पानी देने का समय
हीटवेव के दौरान पौधों को पानी देने का समय जरूर फिक्स करना चाहिए। इन दिनों में सबसे बड़ी गलती दोपहर में पौधों को पानी देना होती है। तेज धूप में पानी जल्दी भाप बनकर उड़ जाता है और पौधों की जड़ों तक नमी नहीं पहुंच पाती है। इसलिए ज्यादा गर्मी में पौधों में पानी हमेशा सुबह जल्दी या शाम को सूर्यास्त के बाद दें। इससे मिट्टी लंबे समय तक नम बनी रहती है और पौधे मुरझाते नहीं है।
पौधे हल्की छांव में रखें
भीषण गर्मी में लगातार सीधी धूप पौधों की पत्तियों को जला सकती है। खासकर छोटे गमलों में लगे पौधे धूप से जल्दी प्रभावित होते हैं। ऐसे में ग्रीन नेट, पुराने पर्दे या पतले कपड़े की मदद से पौधों को हल्की छांव दें। इससे पौधों पर गर्म हवा का असर कम होगा और उनकी नमी बनी रहेगी।
मल्चिंग करना है फायदेमंद
मिट्टी के ऊपर सूखे पत्ते, नारियल का बुरादा, घास या लकड़ी के छोटे टुकड़े बिछाने को मल्चिंग कहा जाता है। यह तरीका गर्मियों में बेहद फायदेमंद माना जाता है। इससे मिट्टी जल्दी सूखती नहीं है और नमी बनी रहती है। इससे पौधों की जड़ों को ठंडक मिलती है। इतना ही नहीं इस तरह पौधों को पानी की जरूरत भी कम पड़ती है।
पानी का स्प्रे करें
गर्मी के मौसम में पौधों को पानी देने के लिए स्प्रे तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पत्तियों का तापमान कम होता है और पौधे काफी अच्छा महसूस करते हैं। हालांकि ध्यान रखें कि ये स्प्रे आपको सुबह-शाम के समय ही करना है। क्योंकि दोपहर में पत्तियों पर पानी डालने से पत्तियां जल सकती हैं।
जैसे इंसानों को गर्मी में ज्यादा पानी और देखभाल की जरूरत होती है, वैसे ही पौधों को भी इस मौसम में अतिरिक्त सुरक्षा चाहिए। ध्यान रखें इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही आपके खूबसूरत गार्डन को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए सही समय पर पानी, हल्की छांव और मिट्टी की नमी बनाए रखने जैसे आसान उपाय अपनाकर आप अपने पौधों को भीषण गर्मी में भी हरा-भरा रख सकते हैं।
