Boredom Eating Without Hunger: क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि पेट भरा होने के बाद भी कुछ नमकीन या मीठा खाने का मन करने लगता है? ऑफिस में काम करते-करते या घर पर खाली बैठे-बैठे अचानक कुछ खाने की इच्छा होने लगती है। ज्यादातर लोग इसे सिर्फ आदत समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हर बार ऐसा होना सिर्फ भूख की वजह से नहीं होता। कई बार इसकी वजह बोरियत, तनाव या मन का खालीपन भी हो सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब हम असली भूख और सिर्फ खाने की इच्छा के बीच का फर्क नहीं समझ पाते, तब जरूरत से ज्यादा खाना शुरू कर देते हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।
बोर होने पर भी क्यों खाते हैं लोग?
हर बार खाने की इच्छा का मतलब भूख नहीं होती
यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. जयादित्य घोष के अनुसार, असली भूख और सिर्फ खाने की इच्छा में फर्क होता है। जब शरीर को सच में ऊर्जा की जरूरत होती है, तब भूख धीरे-धीरे महसूस होती है। लेकिन अगर खाना खाने के कुछ समय बाद ही किसी खास चीज को खाने का मन करे, तो अक्सर यह शरीर की नहीं, बल्कि दिमाग की इच्छा होती है। कई बार यह आदत बन जाती है और हमें इसका एहसास भी नहीं होता। के अनुसार, शरीर जब सच में भूखा होता है तो धीरे-धीरे संकेत देता है। जैसे पेट खाली लगना या कमजोरी महसूस होना। लेकिन अगर खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही अचानक चिप्स, बिस्किट, चॉकलेट या कोई पसंदीदा चीज खाने का मन करने लगे, तो यह अक्सर भूख नहीं बल्कि सिर्फ मन की इच्छा होती है। यानी शरीर को नहीं, दिमाग को कुछ नया चाहिए होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PCOS में ब्रेकफास्ट स्किप करना क्यों बन सकता है परेशानी, आयुर्वेदाचार्य से जानिए बड़ी वजह
बोरियत में दिमाग खाने की तरफ क्यों भागता है
डॉ. जयादित्य घोष बताते हैं कि जब हम लंबे समय तक एक ही काम करते हैं या खाली बैठे रहते हैं, तो दिमाग को कुछ अलग करने का मन होता है। ऐसे समय में खाना सबसे आसान विकल्प बन जाता है। कुछ स्वादिष्ट खाने से कुछ देर के लिए अच्छा महसूस होता है, इसलिए बार-बार स्नैकिंग की आदत बन जाती है। यही कारण है कि कई लोग टीवी देखते हुए, मोबाइल चलाते हुए या ऑफिस में काम के बीच बिना भूख के भी कुछ न कुछ खाते रहते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या Google पर बीमारी पढ़ने से Anxiety बढ़ सकती है? डॉक्टर से जानिए क्या है साइबरकोंड्रिया
तनाव और चिंता भी बढ़ा सकते हैं यह आदत
डॉ. जयादित्य घोष कहते हैं अगर किसी बात की टेंशन हो, मूड खराब हो या मन उदास हो, तब भी कई लोगों का खाने का मन करने लगता है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ऐसे समय में लोग मीठी या तली-भुनी चीजें ज्यादा पसंद करते हैं, क्योंकि इन्हें खाने से थोड़ी देर के लिए अच्छा महसूस होता है। लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं रहती और धीरे-धीरे जरूरत से ज्यादा खाने की आदत बन सकती है।
बार-बार स्नैकिंग से क्या नुकसान हो सकता है
अगर बिना भूख के बार-बार खाते रहेंगे, तो शरीर जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेने लगेगा। इससे धीरे-धीरे वजन बढ़ सकता है और आगे चलकर ब्लड शुगर या दिल की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए जब भी कुछ खाने का मन करे, पहले एक बार खुद से पूछें कि क्या सच में भूख लगी है या सिर्फ आदत या बोरियत की वजह से खाने की इच्छा हो रही है।
इस आदत से बचने के आसान तरीके
डॉ. जयादित्य घोष सलाह देते हैं कि जब बिना भूख के खाने का मन हो, तो पहले एक गिलास पानी पी लें और 10-15 मिनट रुकें। अगर फिर भी भूख लगे, तभी कुछ खाएं। इसके अलावा थोड़ा टहलना, किसी दोस्त से बात करना, किताब पढ़ना या छोटा-सा ब्रेक लेना भी मदद कर सकता है। समय पर खाना खाना, भरपेट और संतुलित भोजन लेना और अच्छी नींद लेना भी इस आदत को कम करने में काफी मददगार साबित होता है। अगर लंबे समय तक बिना भूख के खाने की आदत बनी रहे, तो डॉक्टर या डाइट एक्सपर्ट से सलाह लेना बेहतर रहेगा।
