लाइफस्टाइल

खूब पानी पीने के बाद भी बार-बार मुंह सूख जाता है, डॉक्टर से जानिए कब हो सकता है किसी बीमारी का संकेत

Dry Mouth Even After Drinking Water: अगर खूब पानी पीने के बाद भी बार-बार आपका मुंह सूखता है, तो इसे सामान्य प्यास समझकर नजरअंदाज न करें। डॉक्टर कहते हैं यह शरीर में छिपी कोई गंभीर समस्या भी हो सकता है।

Image

खूब पानी पीने के बाद भी मूंह सूखने की क्या वजह है?

Dry Mouth Even After Drinking Water: अगर दिनभर पानी पीने के बाद भी अगर आपका मुंह बार-बार सूख जाता है, तो इस समस्या को सिर्फ मौसम या प्यास की वजह मानकर नजरअंदाज न करें। कई बार यह शरीर की किसी अंदरूनी समस्या का इशारा भी हो सकता है। आमतौर पर लोग सोचते हैं कि मुंह सूखने का मतलब शरीर में पानी की कमी है, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉ. के. सेशी किरण के अनुसार, अगर पर्याप्त पानी पीने के बाद भी यह परेशानी बार-बार बनी रहती है, तो इसकी वजह जानना जरूरी है। समय रहते जांच कराने से कई बीमारियों का पता शुरुआती दौर में ही चल सकता है।

लार कम बनने से भी सूख सकता है मुंह

डॉ. के. सेशी किरण बताते हैं कि हमारे मुंह में बनने वाली लार सिर्फ मुंह को गीला रखने का काम नहीं करती। यही लार खाना चबाने और निगलने में मदद करती है, दांतों और मसूड़ों की सुरक्षा करती है और मुंह में संक्रमण होने से भी बचाती है। अगर किसी कारण से लार कम बनने लगे, तो खूब पानी पीने के बाद भी मुंह सूखा या चिपचिपा महसूस हो सकता है।

किन लोगों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है

डॉक्टर के मुताबिक, कुछ दवाओं के कारण भी मुंह सूख सकता है। एलर्जी, डिप्रेशन, हाई ब्लड प्रेशर और मूत्राशय की कुछ दवाएं इसका कारण बन सकती हैं। इसके अलावा अगर डायबिटीज ठीक से कंट्रोल में नहीं है, तो शरीर से ज्यादा पानी निकलने की वजह से भी मुंह सूखने लगता है। कुछ ऐसी बीमारियां भी होती हैं, जिनमें शरीर की लार और आंसू बनाने वाली ग्रंथियां प्रभावित हो जाती हैं। वहीं, रात में मुंह खोलकर सोना, नाक बंद रहना या सांस लेने में रुकावट की समस्या भी इसकी वजह बन सकती है। जिन लोगों ने सिर या गर्दन के हिस्से में रेडिएशन थेरेपी कराई है, उनमें भी यह परेशानी लंबे समय तक रह सकती है।

लगातार मुंह सूखने से क्या नुकसान हो सकता है

अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो इसका असर सिर्फ मुंह तक सीमित नहीं रहता। दांत जल्दी खराब होने लगते हैं, मसूड़ों में दिक्कत हो सकती है, मुंह से बदबू आने लगती है और बार-बार संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। कई लोगों को खाना चबाने और निगलने में भी परेशानी महसूस होने लगती है। इसलिए इसे छोटी समस्या समझकर टालना ठीक नहीं है।

किन संकेतों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

डॉ. के. सेशी किरण सलाह देते हैं कि अगर मुंह सूखने की समस्या दो से तीन हफ्तों से ज्यादा समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर से जरूर मिलें। खासकर अगर इसके साथ बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, बिना वजह वजन कम होना, आंखों का सूखना, जोड़ों में दर्द या मुंह में बार-बार संक्रमण जैसी शिकायतें भी हों, तो जांच कराना जरूरी है। सही कारण का समय पर पता चल जाए, तो इलाज भी जल्दी शुरू किया जा सकता है और आगे होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article